51 साहित्यकारों को मिला चौपाल साहित्य अमृत सम्मान

51,litterateurs,received,Chaupal,Sahitya,Amrit,Samman

51 साहित्यकारों को मिला चौपाल साहित्य अमृत सम्मान

51 साहित्यकारों को मिला चौपाल साहित्य अमृत सम्मान


दौसा।  राष्ट्रीय कवि चौपाल दौसा की 75वीं काव्य संगोष्ठी का भव्य आयोजन होटल रावत पैलेस में किया गया। कार्यक्रम में जिले सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए साहित्यकारों एवं कवियों ने अपनी रचनाओं की शानदार प्रस्तुतियां देकर साहित्यिक वातावरण को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक निदेशक शिक्षा विभाग रामस्वरूप महावर, विशिष्ट अतिथि एयरपोर्ट अधीक्षक छुट्टन लाल मीना, व्यंग्यकार गोपाल टेलर, वरिष्ठ साहित्यकार पुष्पेन्द्र शर्मा, लेखाधिकारी नीरज शर्मा, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी सुशील शर्मा एवं राष्ट्रीय कवयित्री सपना सोनी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. बाबूलाल बोहरा ने की।
अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कवि बुद्धि प्रकाश महावर ‘मन’ ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। राष्ट्रीय कवि चौपाल के जिलाध्यक्ष कवि कृष्ण कुमार सैनी ने संस्था का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए चौपाल की साहित्यिक गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उपाध्यक्ष बृजमोहन मीना ने चौपाल स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर 51 साहित्यकारों को ‘चौपाल साहित्य अमृत सम्मान’ से सम्मानित किया गया। सभी सम्मानित साहित्यकारों को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. बाबूलाल बोहरा ने कहा कि राष्ट्रीय कवि चौपाल नवोदित प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का सराहनीय कार्य कर रही है। वरिष्ठ साहित्यकार पुष्पेन्द्र शर्मा ने कहा कि कवियों को श्रेष्ठ साहित्य पढ़ना और अच्छे कवियों को सुनना चाहिए, इससे कविता की समझ और लेखन क्षमता विकसित होती है।
राष्ट्रीय कवयित्री सपना सोनी ने अपने गीत एवं ग़ज़लों की प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में कवियों ने हास्य, वीर एवं श्रृंगार रस की रचनाएं प्रस्तुत कर जमकर वाहवाही लूटी। विभिन्न कवियों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वीप कॉर्डिनेटर डॉ. रामवीर चौधरी ने उपस्थित साहित्यकारों एवं अतिथियों को मतदान की शपथ दिलाई और मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय कवि चौपाल के सचिव कवि दिनेश तूफानी ने सभी अतिथियों, साहित्यकारों एवं उपस्थित श्रोताओं का आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन मिमिक्री कलाकार अशोक खेड़ला ने किया।
75वीं काव्य संगोष्ठी के सफल आयोजन पर साहित्यकारों ने राष्ट्रीय कवि चौपाल के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संस्था की साहित्यिक गतिविधियों की सराहना की।