युवा विरासत महोत्सव के पोस्टर का विमोचन

युवा विरासत महोत्सव के पोस्टर का विमोचन
युवा विरासत महोत्सव के पोस्टर का विमोचन 19 नवंबर तक होंगे विभिन्न आयोजन
नेहरू जयंती के उपलक्ष्य में युवा कांग्रेस की पहल, निबंध प्रतियोगिताओं के साथ नई पीढ़ी को बताएंगे नेहरू-इंदिरा के विचार और योगदान

पाली 16 नवंबर। युवा कांग्रेस पाली की ओर से देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के उपलक्ष्य में युवा विरासत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव के माध्यम से युवाओं को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन, लोकतांत्रिक मूल्यों और पंडित जवाहरलाल नेहरू एवं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से रूबरू कराया जाएगा।
   युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश संवशा ने बताया कि महोत्सव को लेकर जिलेभर में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में पोस्टर विमोचन किया गया। 19 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन के तहत प्रतिदिन विभिन्न क्षेत्रों में निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों एवं युवाओं को पंडित जवाहरलाल नेहरू की जीवनी, उनके विचारों तथा देश के विकास में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी जाएगी।
   उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जीवन एवं उनके योगदान पर आधारित विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए प्रोजेक्टर के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों के स्कूलों एवं कॉलेजों में विद्यार्थियों को उनके जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं, उपलब्धियों और विचारों से अवगत कराया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को देश की ऐतिहासिक विरासत से जोड़ना तथा युवाओं में जागरूकता, रचनात्मकता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।
   तैयारियों में जुटे युवा कांग्रेस के पदाधिकारी- महोत्सव को सफल बनाने के लिए युवा कांग्रेस के विधानसभा एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में तैयारियों में जुटे हुए हैं। इनमें पाली विधानसभा अध्यक्ष रिंकी सिंह, सोजत अध्यक्ष गोविंद सिंह बाली अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह, सुमेरपुर अध्यक्ष हरि प्रसाद मीणा मारवाड़ जंक्शन ब्लॉक अध्यक्ष संजय वैष्णव प्रकाश चौधरी प्रकाश भाटी, हरीश भाटी अरबाज खां एवं विजय मेघवाल सहित समस्त ब्लॉक अध्यक्ष और युवा नेता कार्यक्रमों के आयोजन एवं प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।