दौसा की बेटियों को बड़ा मौका, विजेता जाएंगी राज्य स्तर पर खेलने

दौसा की बेटियों को बड़ा मौका, विजेता जाएंगी  राज्य स्तर पर खेलने


दौसा। जिले में पहली बार 'खेलो इंडिया सॉफ्ट टेनिस लीग' का जिला स्तरीय आयोजन 16 सितंबर 2026 को राजेश पायलट स्टेडियम में होने जा रहा है। जिला खेल अधिकारी के. एम. नारायण की अनुमति से यह प्रतियोगिता झलकारी बाई व निशा कुमारी महावर के नेतृत्व में कराई जाएगी।

मंडल अध्यक्ष निशा कुमारी महावर ने बताया कि सॉफ्ट टेनिस महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित और तेजी से लोकप्रिय हो रहा खेल है। इस प्रतियोगिता से जिले की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलेगा। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली सभी खिलाड़ियों को आकर्षक टी-शर्ट दी जाएगी।

कोच हीरा लाल महावर ने कहा कि यह जिला स्तरीय चयन प्रतियोगिता है। इसमें अलग-अलग आयु वर्ग में विजेता बनने वाली खिलाड़ी राज्य स्तरीय 'खेलो इंडिया सॉफ्ट टेनिस लीग' में दौसा का प्रतिनिधित्व करेंगी। इससे जिले की बेटियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

पंजीकरण 10 अगस्त तक

भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण जरूरी है। अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 है। पहले खिलाड़ियों को DigiLocker पर ID बनानी होगी। इसके बाद SAI की NSRS वेबसाइट या ऐप पर जाकर Soft Tennis में रजिस्ट्रेशन करना होगा।

महिला वर्ग में 15 वर्ष से कम, 15 से 18 वर्ष और 18 से 40 वर्ष आयु की तीन श्रेणियां रखी गई हैं। आयोजकों ने जिले के स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों की बालिकाओं से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण करने की अपील की है।