रेलवे के तांबे के तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, आरपीएफ ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार

रेलवे के तांबे के तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, आरपीएफ ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार

रेलवे के तांबे के तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, आरपीएफ ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार

पाली। The Bhaswar Times

रेलवे की संपत्ति को निशाना बनाकर तांबे के तार चोरी करने वाले गिरोह का रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस थाना सोजत रोड में रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। मामले की जांच के दौरान रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

प्राप्त समाचार के अनुसार, जोधपुर मंडल के भगत-भीलवाड़ा रेलखंड पर रेलवे लाइन से जुड़े तांबे के तार चोरी किए गए थे। चोरी की इस वारदात में करीब 375 किलोग्राम कॉपर वायर चोरी होने की बात सामने आई है। आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल किए गए दो कटर और दो बाइक भी बरामद की गई हैं।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से मिली मदद

रिपोर्ट के अनुसार, घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध नहीं होने के बावजूद जांच टीम ने आसपास के होटल, पेट्रोल पंप, ढाबों और टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल नेटवर्क से जुड़े डाटा का विश्लेषण कर संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात के बाद पहचान से बचने के लिए घटनास्थल से करीब 20 किलोमीटर पहले ही अपने मोबाइल फोन बंद कर देते थे।

बताया गया कि 7 और 8 अक्टूबर की रात लूणी नदी पर बने रेलवे पुल के पास इंजीनियरिंग कार्य चल रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने मौके का फायदा उठाकर इलेक्ट्रिक और बोल्ट कटर से कॉपर वायर काटकर चोरी कर लिया और फरार हो गए।

तीन आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में

आरपीएफ की कार्रवाई में गिरफ्तार छह आरोपियों में से तीन को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है, जबकि अन्य तीन से पुराने मामलों में संभावित संलिप्तता को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटे हैं।