नगर निगम अधिकारियों व व्यापारियों की हुई बैठक
स्वच्छता, सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध, अतिक्रमण एवं व्यापारियों की समस्याओं को लेकर नगर निगम व व्यापार मंडलों की बैठक संपन्न*
पाली, 20 मई। जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी एवं प्रशासक नगर निगम पाली के निर्देशों की अनुपालना में नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज द्वारा शहर के विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों के साथ स्वच्छता, जनस्वास्थ्य, अतिक्रमण एवं व्यापारियों की समस्याओं को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
आयुक्त भारद्वाज ने बताया की बैठक में शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
*सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध*
व्यापार मंडल पदाधिकारियों से अपील की गई कि सिंगल यूज प्लास्टिक कैरीबैग, थर्माकोल एवं प्लास्टिक स्ट्रॉ का उपयोग तुरंत बंद किया जाए। चाय की थड़ी एवं होटल संचालकों से डिस्पोजेबल पेपर कप के स्थान पर कांच एवं स्टील के बर्तनों के उपयोग को प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया।
*नालों में कचरा डालने पर रोक*
मानसून पूर्व नालों की सफाई अभियान जारी है। सभी व्यापारियों से अपील की गई कि वे नालों में कचरा, पॉलिथीन एवं दुकान का वेस्ट न डालें, क्योंकि नाले जाम होने से जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है।
*प्रत्येक दुकान पर डस्टबीन अनिवार्य*
प्रत्येक दुकान एवं प्रतिष्ठान के बाहर हरे एवं नीले रंग के दो डस्टबीन रखना अनिवार्य बताया गया। गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के निर्देश दिए गए।
*कचरा केवल निगम की गाड़ी में डालें*
सभी व्यापार मंडलों से कहा गया कि वे अपना कचरा केवल नगर निगम के घर-घर कचरा संग्रहण वाहन में ही डालें। मुख्य बाजारों एवं अधिक कचरा उत्पन्न होने वाले क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों के अनुसार दिन में दो बार कचरा संग्रहण वाहन भेजे जाएंगे। इसके लिए व्यापार मंडलों से उपयुक्त समय सुझाव भी मांगे गए। व्यावसायिक क्षेत्रों में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था भी संचालित की जा रही है।
*यूजर चार्ज एवं स्वास्थ्य जागरूकता*
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निर्धारित यूजर चार्ज जमा कराने में सहयोग करने की अपील की गई। साथ ही बाजार क्षेत्र को साफ-सुथरा रखकर डेंगू, मलेरिया एवं मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
*स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग पर जोर*
प्रधानमंत्री के “वोकल फॉर लोकल” अभियान के तहत व्यापारियों से स्वदेशी उत्पादों के विक्रय एवं उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की गई।
*अतिक्रमण हटाने एवं यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश*
सभी व्यापार मंडल पदाधिकारियों से अपने-अपने बाजार क्षेत्रों में स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण कम कराने तथा दुकानों के आगे एक निर्धारित लाइन तय कर सामान उसी सीमा तक रखने के लिए व्यापारियों को पाबंद करने का आग्रह किया गया, ताकि यातायात एवं पैदल आवागमन सुचारू बना रहे।
आयुक्त द्वारा डीओसी प्रभारी को व्यापार मंडलों के साथ समन्वय कर एक कैलेंडर जारी करने एवं तय सीमा से बाहर अतिक्रमण नहीं रहने देने के निर्देश दिए गए। इस दौरान यातायात विभाग से उपस्थित एएसआई के समक्ष भी सुझाव रखे गए।
नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने व्यापार मंडलों से स्वच्छ, सुंदर एवं अतिक्रमण मुक्त पाली बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन बाजार क्षेत्रों में यूरिनल की व्यवस्था नहीं है, वहां व्यापारी स्वयं उपयुक्त स्थान चिन्हित करें, ताकि नगर निगम द्वारा महिलाओं के लिए यूरिनल निर्माण करवाया जा सके।
बैठक में व्यापार मंडल के अध्यक्ष विकास बूबकिया, साबू जी, दौलाराम पटेल एवं पदमचंद मेहता उपस्थित रहे। नगर निगम की ओर से अधिशासी अभियंता कलीम अशरफ, जितेंद्र सोनी, ललितमोहन शर्मा एवं डीओसी प्रभारी ललित काला भी मौजूद रहे।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने सभी बिंदुओं पर सहमति जताते हुए नगर निगम को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
--------
Sunil Dutt Trivedi