जैन तीर्थ तारंगा से अंबाजी - आबू रेल सेवा से जुड़ेंगे
जैन तीर्थ तारंगा से अंबाजी - आबू रेल सेवा से जुड़ेंगे
विशेष संवाद
आबूरोड।
Gujratऔर राजस्थान की सीमा पर अरावली की पहाड़ियों में स्थित प्रमुख जैन तीर्थ स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। लगभग 3100 करोड़ की लागत से निर्मित की जा रही 117 किलोमीटर लंबी तारंगा हिल से अंबाजी होते हुए आबू रोड तक नई ब्रॉडगेज रेल लाइन बिछाई जा रही है।राजस्थान मीटरगेज प्रवासी संघ ने रेल सेक्शन के विकास पर खुशी व्यक्त की है। इस रेल मार्ग के पूरा होने से विख्यात जैन तीर्थ तारंगाजी, कुंभारियाजी, अंबाजी, आबू, देलवाड़ा आदि तीर्थों का सफर बेहद सुगम, तेज़ और सीधा हो जाएगा। प्रवासी संघ ने कहा है कि वर्तमान में इस दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में स्थित तीर्थ स्थलों तक पहुंचने के लिए यात्रियों को बस या निजी वाहनों के ज़रिए लंबी और थकाऊ सड़क यात्रा करनी पड़ती है, साथ ही रास्ते में आदिवासियों द्वारा लूट और मारपीट का शिकार भी होना पड़ रहा है। इस रेल मार्ग के बाद तीर्थ यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
तारंगाजी से आबूरोड़ रेल मार्ग परियोजना से जैन समाज के कई विश्वप्रसिद्ध तीर्थ सीधे रेल नेटवर्क से जुड़ जाएंगे। राजस्थान मीटरगेज प्रवासी संघ के अध्यक्ष विमल रांका ने कहा है कि तारंगाजी (तारंगा हिल) के सीधे रेल लाइन से जुड़ने के कारण अहमदाबाद और मेहसाणा की ओर से आने वाले श्रद्धालु बिना किसी ट्रैफिक जाम या लंबी सड़क यात्रा के सीधे पहाड़ी की तलहटी तक पहुंच सकेंगे। प्रवासी संघ के सचिव निरंजन परिहार ने बताया कि आबू, अंबाजी और जीरावला के रास्ते पर सड़क चलते वाहनों को रोक कर लूटपाट की घटनाएं तेजी से बढ़ती जा रही है। इस रेलमार्ग के बनने से आबू और अंबाजी के बीच के यात्रियों को राहत मिलेगी। प्रवासी संघ के उपाध्यक्ष सिद्धराज लोढ़ा ने कहा कि अंबाजी में नया रेलवे स्टेशन बनने से वहां स्थित विश्वप्रसिद्ध कुंभारियाजी तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा। इसके अलावा, आबू रोड तक सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलने से देशभर से आने वाले यात्री आसानी से माउंट आबू स्थित विश्वविख्यात देलवाड़ा जैन मंदिरों और के दर्शन भी कर सकेंगे। आबूरोड और आसपास के स्टेशनों से बेहतर रेल संपर्क होने के कारण जीरावला, पावापुरी, भैरू तारक धाम, पार्श्वनाथ, बामणवाड़जी जैसे प्रमुख जैन तीर्थों की दूरी भी कम होगी और आगे की सड़क यात्रा के समय में भारी बचत होगी।
The bhaswartimes news
रेलवे की इस महत्वाकांक्षी परियोजना से यात्रियों को समय और धन की बचत के साथ-साथ कई अन्य बड़े लाभ भी मिलेंगे। प्रवासी संघ के महासचिव सुकन परमार के मुताबिक सड़क मार्ग की तुलना में रेल यात्रा अधिक किफायती और तेज़ होती है, जिससे बड़े समूहों और परिवारों के साथ यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों को बड़ी सहूलियत होगी। प्रवासी संघ के प्रयासों से, विशेष रूप से लंबी दूरी की तीर्थयात्रा करने वाले बुजुर्ग श्रद्धालुओं और बच्चों के लिए यह सफर बेहद आरामदायक और सुरक्षित साबित होगा। प्रवासी संघ के प्रवासी संघ के प्रवीण गुंदेचा, कांति कितावत, नरेंद्र मांडोत, सज्जन रांका, रमेश चोपड़ा, सुरेंद्र राठौड़, सिद्धार्थ मुत्ता, विनोद लोढ़ा और दिलीप परमार आदि कार्यसमिति सदस्यों ने इस परियोजना से जैन तीर्थों के साथ-साथ प्रसिद्ध शक्तिपीठ अंबाजी और पर्यटन स्थल माउंट आबू को जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। विभिन्न जैन तीर्थों के एक ही रेल नेटवर्क पर आने से श्रद्धालु एक ही यात्रा में कई धार्मिक और पर्यटन स्थलों के दर्शन कर सकेंगे और पूरे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नया बढ़ावा मिलेगा।