ख्यातिलब्ध व्यंग्यकार बुलाकी शर्मा को चुन्नीलाल सोमानी कथा पुरस्कार सोमवार को समारोहपूर्वक प्रदान किया जाएगा
ख्यातिलब्ध व्यंग्यकार बुलाकी शर्मा को चुन्नीलाल सोमानी कथा पुरस्कार सोमवार को समारोहपूर्वक प्रदान किया जाएगा
इकतालीस हजार रुपये की राशि समर्पित की जाएगी
वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही
श्रीडूंगरगढ़। सामाजिक सरोकार एवं लोक- संवेदना के व्यंग्यकार बुलाकी शर्मा को उनके व्यंग्य संग्रह 'तैरूंडै में किताब' पर सत्र 2026 का श्री चुन्नीलाल सोमानी राजस्थानी कथा पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार के अन्तर्गत उन्हें इकतालीस हजार रुपये की राशि एवं प्रशस्ति पत्र समर्पित किया जाएगा।
पुरस्कार समिति के अध्यक्ष ताराचंद इन्दौरिया के अनुसार राजस्थानी भाषा के उत्थान के लिए इनलैण्ड सोमानी ग्रुप सदैव प्रयासरत रहता है। ट्रस्ट लोकतांत्रिक तरीके से पुरस्कार का चयन लेखकों से कथा कृतियां मंगवा कर करता है तथा आई हुए पुस्तकों का सम्पूर्ण मूल्य प्रत्येक कथाकार को प्रदान करता है।
पुरस्कार समिति के संयोजक डॉ. चेतन स्वामी ने बताया कि बुलाकी शर्मा विगत पांच दशक से राजस्थानी एवं हिन्दी भाषा के लब्ध प्रतिष्ठित व्यंग्यकार हैं। राजस्थानी में उनके चार व्यंग्य संग्रह प्रकाशित हैं। उनके व्यंग्य विसंगतियों को उजागर करते हैं तथा उनमें एक चुटीलापन मौजूद रहता है। उनका शिल्प मनभावन रहता है। वे नियमित रूप से अनेक पत्रिकाओं में व्यंग्य के काॅलम लिखते रहे हैं। आप पर प्रसिद्ध व्यंग्यकार हरिशंकर परसाई का प्रभाव परिलक्षित होता है।
समिति के सदस्य विजय महर्षि ने बताया कि पुरस्कार समारोह सोमवार को प्रातः ग्यारह बजे राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति के प्रांगण में होगा। विशिष्ट अतिथि कथाकार मालचंद तिवाड़ी, डाॅ मदन गोपाल लढा एवं शंकरसिंह राजपुरोहित रहेंगे, वहीं कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष प्रसिद्ध उद्योगपति लक्ष्मीनारायण सोमानी होंगे एवं अध्यक्षता राजस्थानी भाषा के वरिष्ठ लेखक श्याम महर्षि करेंगे। कार्यकम का संयोजन उपन्यासकार सत्यदीप करेंगे। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों साहित्य प्रेमी भाग लेंगे।