नाथद्वारा के डॉ. श्याम प्रकाश देवपुरा को 'विद्यासागर' की मानद् उपाधि से किया सम्मानित
नाथद्वारा के डॉ. श्याम प्रकाश देवपुरा को 'विद्यासागर' की मानद् उपाधि से किया सम्मानित
थावे विद्यापीठ के हरिद्वार अधिवेशन में मिला सम्मान - हिन्दी सेवा और शोध कार्य के लिए देशभर में हुई सराहना
रिपोर्ट: वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही
नाथद्वारा। श्रीनाथजी की नगरी नाथद्वारा के लिए गर्व का क्षण आया है। यहां के निवासी डॉ. श्याम प्रकाश देवपुरा को हिन्दी सेवा, साहित्य, कला और शिक्षा के क्षेत्र में सुदीर्घ साधना के लिए 'विद्यासागर' की मानद् उपाधि प्रदान की गई है। यह उपाधि थावे विद्यापीठ, शंकर शिव नारायण साहित्य ग्राम, बलिवन सागर, गोपालगंज (बिहार) द्वारा प्रदान की गई। विद्यापीठ की अकादमिक परिषद् की अनुशंसा पर हरिद्वार अधिवेशन - 2026 में 25 अक्टूबर 2026 को यह सम्मान दिया गया। डॉ. देवपुरा को यह उपाधि उनकी सुदीर्घ हिन्दी सेवा, सारस्वत साधना, कला के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियों, शैक्षिक प्रदेयों, महनीय शोधकार्य तथा राष्ट्रीय / अन्तर्राष्ट्रीय प्रतिष्ठा के आधार पर दी गई है।

बचे रहेंगे शब्द, बची रहेगी संस्कृति' यही थावे विद्यापीठ का मूल मंत्र है। विद्यापीठ इसी भावना के साथ हिन्दी और भारतीय संस्कृति की सेवा करने वाले विद्वानों को सम्मानित करता है। इसी कड़ी में देवपुरा को सम्मानित किया गया है।
नाथद्वारा में खुशी की लहर
डॉ. देवपुरा को विद्यासागर की उपाधि मिलने की खबर मिलते ही नाथद्वारा में खुशी की लहर दौड़ गई। साहित्यकारों, शिक्षकों, समाजसेवियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी।
लोगों का कहना है कि यह सम्मान सिर्फ डॉ. देवपुरा का नहीं, बल्कि पूरे नाथद्वारा और मेवाड़ के लिए गर्व की बात है। श्रीनाथजी की नगरी से जुड़े एक विद्वान को राष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान मिलना हम सबके लिए प्रेरणा है। शुभचिंतकों ने कहा कि डॉ. देवपुरा का जीवन सादगी, साधना और साहित्य को समर्पित रहा है। विद्यासागर जैसी उपाधि मिलना उनके जीवन भर की तपस्या का सम्मान है।