राज्य सरकार ने सब इंस्पेक्टर परीक्षा के संबंध की अपील दायर
राज्य सरकार ने सब इंस्पेक्टर परीक्षा के संबंध की अपील दायर जयपुर/ सब इंस्पेक्टर भर्ती-2021 को रद्द करने के एकलपीठ के फैसले के खिलाफ राज्य सरकार ने खंडपीठ में अपील दायर की है। साथ ही देरी से अपील दायर करने के लिए प्रार्थना पत्र के जरिए माफ़ी मांगी हैं. अपील में सरकार की ओर से कहा गया है कि कुछ लोगों की गलती की वजह से पूरी भर्ती को रद्द नहीं किया जा सकता है।
सेंटर से जो पेपर लीक हुआ था वो कुछ अभ्यर्थियों के पास ही पहुंचा था। आरपीएससी से लीक होने वाला पेपर संलिप्त आरपीएससी सदस्यों के बच्चों और दलालों तक ही गया था। इस पेपर का प्रसार पूरे राजस्थान में नहीं हुआ।
पूरी भर्ती रद्द होने से इसका असर सही अभ्यर्थी के जीवन पर भी पड़ रहा है। जांच एजेंसियां अगर भर्ती में सही और गलत की छंटनी कर सकती है तो कोर्ट को पूरी भर्ती रद्द नहीं करनी चाहिए।
हाईकोर्ट की एकलपीठ ने 28 अगस्त को एसआई भर्ती को रद्द किया था। इसकी अपील 60 दिन में खंडपीठ में की जा सकती थी लेकिन सरकार ने 60 दिन निकलने के बाद अपील दायर की है। ऐसे में सरकार ने अपील के साथ खंडपीठ में देरी माफी का प्रार्थना पत्र भी पेश किया है।
अब हाईकोर्ट अगर देरी के साथ अपील को स्वीकार करता है तो इसकी सुनवाई चयनित अभ्यर्थियों की अपील के साथ कर सकता है। हाईकोर्ट की खंडपीठ ने चयनित अभ्यर्थियों की अपील पर सुनवाई 24 नवंबर को तय कर रखी है।