डिग्गी में सर्वधर्म सामूहिक विवाह सम्मेलन में सात बेटियों के हाथ हुए पीले, संस्था ने करवाया निशुल्क विवाह

डिग्गी में सर्वधर्म सामूहिक विवाह सम्मेलन में सात बेटियों के हाथ हुए पीले, संस्था ने करवाया निशुल्क विवाह

डिग्गी में सर्वधर्म सामूहिक विवाह सम्मेलन में सात बेटियों के हाथ हुए पीले, संस्था ने करवाया निशुल्क विवाह

वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही 

मेड़ता / डिग्गी । कल्याणी धणी सर्व धर्म सेवा फाउंडेशन, पूजा सेवा संस्थान ट्रस्ट, डिग्गी द्वारा आयोजित सर्व धर्म सामूहिक विवाह सम्मेलन में सात बेटियों का विवाह बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। संस्था द्वारा यह विवाह पूर्णतः निशुल्क करवाया गया। विवाह समारोह में सभी धर्मों के लोगों ने एक साथ बैठकर बेटियों को आशीर्वाद दिया, जिससे सर्वधर्म समभाव और भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली।

यह भव्य आयोजन संस्था सचिव कुलदीप शर्मा एवं अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच के सानिध्य में हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व आई.ए.एस. राजेंद्र नायक थे, वहीं मीरा नगरी मेड़ता के राजस्थानी भाषा के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. कालू खां देशवाळी भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह में सातों जोड़ों को फेरों के बाद संस्था की ओर से घर-गृहस्थी का सामान, वस्त्र, बर्तन और अन्य आवश्यक सामग्री भेंट की गई। इस दौरान बैंड-बाजे, मंगल गीतों और दुआओं से पूरा पंडाल गूंज उठा। बेटियों के माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू थे, क्योंकि बिना किसी खर्च के उनकी बेटियों का विवाह इतने सम्मान के साथ हुआ।

संस्था सचिव कुलदीप शर्मा ने कहा कि "हमारा मकसद सिर्फ विवाह करवाना नहीं, बल्कि बेटियों को सम्मान देना है। समाज में कोई भी बेटी सिर्फ पैसे के अभाव में अविवाहित न रहे, यही हमारी संस्था का संकल्प है। सर्वधर्म का मतलब है - सब एक हैं, सबका दुख-सुख एक है। आज सात बेटियां एक ही मंडप से विदा हुईं, ये हमारे लिए सात यज्ञ के बराबर है। आगे भी हम इसी तरह जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह करवाते रहेंगे।"

मुख्य अतिथि राजेंद्र नायक ने अपने उद्बोधन में कहा कि "आज के समय में जब शादियों में फिजूलखर्ची बढ़ती जा रही है, तब इस तरह का सामूहिक विवाह समाज के लिए एक आदर्श है। यह आयोजन दिखाता है कि सादगी में ही सबसे बड़ा आनंद है। संस्था ने गरीब परिवारों का बोझ हल्का करके बहुत बड़ा पुण्य का काम किया है। मैं सभी नवविवाहित जोड़ों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देता हूं।"

विशेष अतिथि डॉ. कालू खां देशवाळी ने कहा कि "मेड़ता मीरा की नगरी है, जहां प्रेम और समरसता की गंगा बहती है। आज डिग्गी में जो नजारा देखा, वो उसी समरसता का जीवंत उदाहरण है। यहां न जाति देखी गई, न धर्म - सिर्फ मानवता देखी गई। बेटियां सबकी सांझी होती हैं। इन सात बेटियों का विवाह हम सबके लिए प्रेरणा दायक है। संस्था का यह प्रयास समाज में भाईचारा और मोहब्बत को और मजबूत करेगा।"

अंत में सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद दाम्पत्य जीवन की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और विभिन्न धर्मों के लोग उपस्थित रहे।