सोजत सेवा मंडल की सेवाएं सराहनीय चिकित्सालय में सुबह-शाम निशुल्क भोजन प्रसादी का वितरण, मरीजों के परिजनों को मिल रहा सहारा

सोजत सेवा मंडल की सेवाएं सराहनीय  चिकित्सालय में सुबह-शाम निशुल्क भोजन प्रसादी का वितरण, मरीजों के परिजनों को मिल रहा सहारा

सोजत सेवा मंडल की सेवाएं सराहनीय

चिकित्सालय में सुबह-शाम निशुल्क भोजन प्रसादी का वितरण, मरीजों के परिजनों को मिल रहा सहारा

वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही 

सोजत। सेवा ही सच्ची पूजा है, इस भावना को चरितार्थ कर रहा है सोजत सेवा मंडल। मंडल द्वारा मानव सेवा के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यों में चिकित्सालय में भर्ती मरीजों के लिए सुबह-शाम निशुल्क भोजन प्रसादी का वितरण सबसे सराहनीय कार्य है। यह सेवा पिछले कई वर्षों से अनवरत चल रही है और आज सोजत क्षेत्र में मानवता की एक मिसाल बन गई है।

चिकित्सालय में भर्ती मरीज और उनके साथ आए परिजनों को दो वक्त का भोजन प्रसादी निशुल्क उपलब्ध कराया जाता है। दूर-दराज के गांवों से इलाज के लिए आने वाले गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए यह प्रसादी किसी वरदान से कम नहीं है। अस्पताल में भर्ती होने के बाद अक्सर परिजनों को भोजन के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है, होटल में महंगा खाना खाना पड़ता है। ऐसे में सेवा मंडल की यह पहल उन्हें बड़ी राहत दे रही है।

भोजन प्रसादी के साथ ही समय-समय पर मरीजों को फल और मिठाई भी वितरित की जाती है, ताकि उन्हें पौष्टिक आहार मिल सके और उनका मन भी प्रसन्न रहे। मंडल के कार्यकर्ता बड़े ही प्रेमभाव और श्रद्धा से प्रसादी तैयार करवाकर वितरित करते हैं। प्रसाद वितरण के दौरान स्वच्छता का भी पूरा ध्यान रखा जाता है।

इस पुण्य कार्य में सोजत सेवा मंडल के मंत्री समाजसेवी पुष्पतराज मुनोत अपनी महती सेवाएं दे रहे हैं। वे स्वयं सुबह-शाम चिकित्सालय पहुंचकर प्रसाद वितरण व्यवस्था को संभालते हैं। उनके इस सेवा कार्य में हरीनारायण पाराशर का भी सक्रिय सहयोग मिल रहा है। दोनों के समर्पण और सेवा भाव से यह कार्य निर्बाध रूप से चल रहा है।

चिकित्सालय में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों ने सेवा मंडल के इस कार्य की मुक्त कंठ से सराहना की है। उनका कहना है कि बीमारी के संकट के समय में जब परिवार मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान रहता है, तब इस तरह की निशुल्क भोजन सेवा बहुत बड़ा सहारा बनती है।

सोजत सेवा मंडल का यह कार्य निश्चित रूप से समाज के लिए प्रेरणादायी है। मंडल के इस सेवा यज्ञ में भामाशाहों और समाजसेवियों का भी सहयोग मिल रहा है, जिससे यह सेवा निरंतर जारी है। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि मंडल भविष्य में भी इसी तरह मानव सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाता रहेगा।