प्रारम्भिक शिक्षा विभाग ने जारी की अस्थायी वरिष्ठता सूची’
प्रारम्भिक शिक्षा विभाग ने जारी की अस्थायी वरिष्ठता सूची’
पाली, 20 मई। निदेशक माध्यमिक शिक्षा निदेशालय राजस्थान बीकानेर द्वारा जारी पदोन्नति (डीपीसी) कैलेंडर एवं संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा पाली मण्डल, पाली के आदेशों की पालना में 01 अप्रैल 2022, 2023, 2024 एवं 2025 की स्थिति में कार्यरत अध्यापक लेवल प्रथम/द्वितीय तथा अध्यापक विशेष शिक्षक पद पर सीधी भर्ती से नियुक्त पुरुष एवं महिला कार्मिकों की टीएसपी एवं नॉन टीएसपी की अस्थायी वरिष्ठता सूचियां जारी की गई हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी राहुल कुमार राजपुरोहित ने बताया कि यह मिश्रित वरिष्ठता सूची वर्ष 1998 से पूर्व की माध्यमिक एवं प्रारम्भिक शिक्षा की वरिष्ठता के आधार पर तैयार की गई है। यह सूचियां समस्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों जिला पाली तथा मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जैतारण एवं रायपुर (जिला ब्यावर) को ई-मेल, शिक्षा विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप एवं सोशल मीडिया माध्यम से एक्सेल एवं पीडीएफ प्रारूप में प्रेषित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि संबंधित सूचियों के संबंध में यदि किसी कार्मिक को किसी प्रकार की आपत्ति, संशोधन अथवा एतराज हो तो वह प्रमाणित दस्तावेजों सहित अपने पीईईओ/यूसीईईओ/संस्थाप्रधान के माध्यम से संबंधित मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करें।
उन्होंने निर्देशित किया कि समस्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अपने क्षेत्राधीन पीईईओ/यूसीईईओ/संस्थाप्रधान से प्राप्त सूचनाओं को समेकित कर हस्ताक्षरयुक्त प्रमाणित पीडीएफ एवं एक्सेल प्रारूप में जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) प्रारम्भिक शिक्षा, पाली कार्यालय में वाहक स्तर पर 25 मई 2026 तक अनिवार्य रूप से जमा करवाना सुनिश्चित करें। निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त होने वाली किसी भी प्रकार की परिवेदनाओं का स्थानीय कार्यालय स्तर पर निस्तारण संभव नहीं होगा।