गांधी अस्पताल में अब न्यू ओपीडी और आउटडोर, दोनों जगह होंगे एक्स-रे

गांधी अस्पताल में अब न्यू ओपीडी और आउटडोर, दोनों जगह होंगे एक्स-रे

गांधी अस्पताल में अब न्यू ओपीडी और आउटडोर, दोनों जगह होंगे एक्स-रे

52 लाख रुपये की लागत से लगीं दो नई मशीनें, रोजाना 500 से अधिक मरीजों को मिलेगा लाभ

वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही 

जोधपुर। गांधी अस्पताल में मरीजों को एक्स-रे जांच की सुविधा बेहतर बनाने के लिए दो नई एक्स-रे मशीनें शुरू की गई हैं। करीब 52 लाख रुपये की लागत से हुए इस विस्तार के बाद अब न्यू ओपीडी और आउटडोर, दोनों जगह एक्स-रे जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे मरीजों को जांच के लिए लंबी कतारों में इंतजार करने और एक स्थान से दूसरे स्थान तक चक्कर लगाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

नेशनल एलाइड एंड हेल्थ केयर प्रोफेशनल एसोसिएशन, जोधपुर जिला इकाई के उपाध्यक्ष आरिफ अली सैयद ने जानकारी देते हुए बताया कि गांधी अस्पताल में एक्स-रे जांच की सुविधा बढ़ने से जोधपुर के मरीजों को काफी राहत मिलेगी। अब मरीज अपनी जरूरत के अनुसार न्यू ओपीडी या आउटडोर में एक्स-रे करवा सकेंगे। यदि एक मशीन में तकनीकी खराबी आती है, तो दूसरी मशीन का विकल्प उपलब्ध रहेगा।

एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य हाजी अब्दुल मन्नान ने कहा कि पहले न्यू ओपीडी में एक्स-रे के लिए एक ही मशीन उपलब्ध होने के कारण तकनीकी खराबी आने पर मरीजों को दूसरी जगह जाकर जांच करवानी पड़ती थी। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों, गंभीर मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी होती थी। नई मशीनें शुरू होने से जांच प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक बनने की उम्मीद है।

500 से अधिक मरीजों को मिलेगा फायदा

गांधी अस्पताल में प्रतिदिन 500 से अधिक मरीज एक्स-रे जांच के लिए पहुंचते हैं। मरीजों की अधिक संख्या के कारण जांच केंद्र पर लगातार दबाव रहता है। अब दो नई मशीनें शुरू होने से मरीजों की जांच का भार दोनों स्थानों पर बांटा जा सकेगा। इससे जांच व्यवस्था को सुचारू रखने और मरीजों का इंतजार कम करने में मदद मिलेगी।