कलेक्टर मंत्री ने विभागों को दिए आवश्यक निर्देश
कलेक्टर मंत्री ने विभागों को दिए आवश्यक निर्देश पाली,01 दिसम्बर। जिला कलेक्टर एलएन मंत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी रणकपुर-जवाई महोत्सव तथा राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित होने वाली जिला स्तरीय प्रदर्शनी की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।जिला कलेक्टर मंत्री ने बताया कि सरकार की उपलब्धियों पर आधारित जिला स्तरीय प्रदर्शनी बांगड़ कॉलेज परिसर में आयोजित की जाएगी। साथ ही जिला दर्शन विकास पुस्तक के प्रकाशन के लिए सभी विभागों को अपने-अपने कार्यों एवं उपलब्धियों से संबंधित छायाचित्र व विवरण जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय को शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।उन्होंने विभिन्न विभागों के बकाया प्रकरणों, भूमि आवंटन, डीएफटी, एसडीआरएफ कार्यों, एवं पीडब्ल्यूडी की प्रगतिरत योजनाओं की समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश प्रदान किए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी को इस माह के अंत तक सभी प्रगतिरत कार्य गुणवत्ता सहित पूर्ण करने को कहा। उन्होंने कृषि विभाग से यूरिया उपलब्धता व वितरण की अद्यतन स्थिति प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा धन-धान्य से भरपूर राजस्थान के संकल्प को साकार करने हेतु विभाग गंभीरता से कार्य करें।एनएफएसए सूची में पात्र व्यक्तियों को शीघ्र जोड़ने के निर्देश देते हुए जिला कलेक्टर ने कहा कि गरीब को उसका अधिकार समय पर मिलना चाहिए। इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डेयरी विभाग को बूथ आवंटन, उत्पादों की गुणवत्ता, तथा पशुपालन विभाग को पशु बीमा व टीकाकरण कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने उपलब्ध वैक्सीन व दवाओं की स्थिति भी जानी। उन्होंने बैंक अधिकारियों को खाता धारकों को व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा के लिए जागरूक करने के निर्देश प्रदान किए।बैठक के अंत में जिला कलेक्टर ने सभी विभागों को पुनः निर्देशित किया कि रणकपुर-जवाई महोत्सव एवं जिला स्तरीय प्रदर्शनी के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करें।बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) श्रीमती ओम प्रभा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी महेन्द्र मेहता, उपखंड अधिकारी विमलेंद्र राणावत, जिला रसद अधिकारी मनजीत सिंह, जिला परिवहन अधिकारी गणपत लाल, पीडब्ल्यूडी एसई दिलीप परिहार, जिला रोजगार अधिकारी मनीष थोरी समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।