प्राधिकरण सचिव भाटी ने किया बाल गृहों का आकस्मिक निरीक्षण
प्राधिकरण सचिव भाटी ने किया बाल गृहों का आकस्मिक निरीक्षण
पाली, 18 फरवरी। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला न्यायाधीश) विक्रम सिंह भाटी ने राजकीय सम्प्रेषण एवं किशोर गृह, एवं राजकीय शिशु गृह का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सचिव भाटी ने राजकीय सम्प्रेषण एवं किशोर गृह तथा शिशु गृह की साफ-सफाई बालकों के लिये स्वच्छ कपड़े बिस्तर भोजन व आहार चिकित्सा व्यवस्था पालनागृह भवन की भौतिक स्थिति आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही सचिव भाटी द्वारा गृह में आवासित बालकों से वार्तालाप कर गृह में मिलने वाली सुविधाओं तथा अध्ययन के संबंध में एवं सम्प्रेषण गृह में विधि से संघर्षरत बालकों से उनकी परिवारजन से मुलाकात, न्यायमित्र द्वारा प्रकरण के संबंध में समय-समय पर अवगत करवाये जाने आदि के बारे में जानकारी ली। बालकों द्वारा गृह में पर्याप्त पोषित आहार तथा नाश्ते में आवश्यकतानुसार चाय एवं दूध उपलब्ध करवाया जाना बताया। वर्तमान में बालकों के खेलने के लिए इंडोर गेम्स में केरम, सांप सीढ़ी, लुड़ो इत्यादि उपलब्ध है। सचिव भाटी द्वारा गृहों में आवासित बालकों के लिए मैत्रीपूर्ण वातावरण उपलब्ध करवाने एवं भवन की नियमित रूप से साफ-सफाई एवं स्वच्छ रखने के साथ-साथ पालना गृह में भी सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखने हेतु निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त इंटर्नशिप प्रशिक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत इंटर्नशिप प्रशिक्षण प्राप्त करने आए विधि विद्यार्थी पुनित गोरा को बाल गृहों में बच्चों के पुनर्वास करने की प्रक्रिया बाल गृह कार्यालयों की कार्यप्रणाली तथा बाल कल्याण समिति में न्यायमित्रों व सदस्यों के कार्य एवं इनकी भूमिका के बारे में विस्तार से बताते हुए बाल गृहों में मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं से परिचित करवाया। इसके साथ ही बाल पीड़ित प्रतिकर सहायता समिति की कार्यप्रणाली के बारे में भी अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान न्यायमित्र खुमाराम परिहार समन्वयक कन्हैयालाल आदि उपस्थित रहें।