विशेष लोक अदालत में 222 प्रकरणों का राजीनामे से किया निस्तारण
222,cases,were,disposed,of,through,Rajinama,in,the,Special,Lok,Adalat
विशेष लोक अदालत में 222 प्रकरणों का राजीनामे से किया निस्तारण
दौसा। आपसी सहमति और समझौते के माध्यम से सुलभ व त्वरित न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने शनिवार को बड़ी सफलता हासिल की। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आयोजित विशेष लोक अदालत में एनआई एक्ट चैक अनादरण के प्री-लिटिगेशन एवं न्यायालयों में लंबित प्रकरणों सहित धारा 138 एनआई एक्ट की लंबित दाण्डिक अपीलों के कुल 222 प्रकरणों का राजीनामे से निस्तारण किया गया तथा 7 करोड़ 22 लाख 34 हजार 841 रुपये की राशि का सेटलमेंट कराया गया।
विशेष लोक अदालत का शुभारंभ जिला एवं सेशन न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष केशव कौशिक ने किया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत न्याय प्राप्ति का सरल, सुलभ एवं प्रभावी माध्यम है। विशेषकर चैक अनादरण जैसे मामलों में आपसी समझौते से न केवल समय, धन एवं श्रम की बचत होती है, बल्कि पक्षकारों के बीच विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान भी संभव हो पाता है। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों, उनके पैनल अधिवक्ताओं एवं अधिवक्ताओं से अधिकाधिक प्रकरणों का समझौते के आधार पर निस्तारण कराने का आह्वान किया।
उद्घाटन समारोह में न्यायाधीश, पारिवारिक न्यायालय प्रेम राजेश, न्यायाधीश, पोक्सो न्यायालय रेखा राठौड़, विशिष्ट न्यायाधीश, एससी/एसटी न्यायालय नम्रता पारिक, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संतोष अग्रवाल, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश यशवंत भारद्वाज, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डॉ. ऋचा कौशिक, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट क्रमांक-2 माधवी गोस्वामी, प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट, किशोर न्याय बोर्ड ऐश्वर्या सिंह, न्यायाधिकारी, ग्राम न्यायालय पुलकित शर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट तिशान जांगिड़, विशिष्ट न्यायाधीश (138 एन.आई. एक्ट प्रकरण) अक्षय अवस्थी, अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रद्धा शर्मा, जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष कुंज बिहारी शर्मा, अधिवक्ता दिनेश जोशी, महेश शर्मा, भुवनेश्वर गगावत, द्वारका प्रसाद शर्मा, बजरंगलाल शर्मा एवं अवधेश शर्मा सहित बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधि तथा उनके पैनल अधिवक्ता उपस्थित रहे।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संतोष अग्रवाल ने बताया कि विशेष लोक अदालत के लिए दौसा मुख्यालय पर दो लोक अदालत बेंचों का गठन किया गया। प्रथम बेंच में अध्यक्ष विशिष्ट न्यायाधीश, एससी/एसटी न्यायालय नम्रता पारिक तथा सदस्य अधिवक्ता दिनेश जोशी और द्वितीय बेंच में अध्यक्ष अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश यशवंत भारद्वाज तथा सदस्य अधिवक्ता अबुल कलाम खाँ को नियुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त बांदीकुई, महवा, लालसोट एवं सिकराय तालुका मुख्यालयों पर भी एक-एक लोक अदालत बेंच का गठन किया गया।