जनगणना-2027: पाली जिले में फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण सम्पन्न*

जनगणना-2027: पाली जिले में फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण सम्पन्न*

*जनगणना-2027: पाली जिले में फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण सम्पन्न*

पाली 25 अप्रैल। भारत की आगामी जनगणना-2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में 54 फील्ड ट्रेनरों के द्वितीय बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण जिला कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को सम्पन्न हुआ।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स दिनेश रैंगर जिला समन्वयक जनगणना निदेशालय तुलसीराम प्रधानाचार्य राणा ने प्रशिक्षुओं को जनगणना की प्रक्रिया, विधिक प्रावधान, महत्वपूर्ण अवधारणाएं और परिभाषाएं विस्तार से समझाईं। साथ ही सीमाओं के निर्धारण एवं जनगणना से जुड़े 34 प्रश्नों पर विस्तृत चर्चा की गई। फील्ड ट्रेनरों को एचएलओ ऐप के माध्यम से डेटा संग्रहण का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

प्रशिक्षण के अंतर्गत प्रतिभागियों को 5-5 के समूह में विभाजित कर क्षेत्र भ्रमण कराया गया, जहां प्रत्येक समूह ने 5 परिवारों का सर्वे करते हुए एचएलओ ऐप पर प्रायोगिक अभ्यास किया। इस दौरान उन्हें प्रगणक एवं पर्यवेक्षक की भूमिका का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ, जिससे उनकी कार्यक्षमता और समझ में वृद्धि हुई।

समापन सत्र में प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने आंकड़ों की शुद्धता एवं विश्वसनीयता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि आम नागरिक जनगणना-2027 से संबंधित जानकारी हेल्पलाइन नंबर 1855 पर प्राप्त कर सकते हैं।

इस अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए फील्ड ट्रेनरों से फीडबैक लिया।

आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग की उपनिदेशक ललिता कुमारी शर्मा ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण का आयोजन 16 मई से 14 जून 2026 तक किया जाएगा, जबकि स्व-गणना का विकल्प 1 मई से 15 मई 2026 तक se.census.gov.in पोर्टल पर उपलब्ध रहेगा। इस बार पूरी प्रक्रिया को डिजिटल किया गया है तथा आमजन की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से स्व-गणना की सुविधा शुरू की गई है, जिससे नागरिक स्वयं डेस्कटॉप या स्मार्टफोन के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

उप जिला जनगणना अधिकारी राजेन्द्र कुमार टांक ने बताया कि जिला स्तर से प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स 30 अप्रैल से 12 मई 2026 तक चार्ज स्तर पर जिले के 3004 प्रगणक एवं 507 सुपरवाइजर को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।

प्रशिक्षण में सहायक सांख्यिकी अधिकारी प्रकाश डाबी सहित जनगणना सेल के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे।