नगर निगम पाली में जन्म-मृत्यु व विवाह पंजीयन के लिए ‘एकल खिड़की’ व्यवस्था शुरू*
*नगर निगम पाली में जन्म-मृत्यु व विवाह पंजीयन के लिए ‘एकल खिड़की’ व्यवस्था शुरू*
पाली 25 अप्रैल। जन्म मृत्यु एवं विवाह पंजीयन की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने के उद्देश्य से नगर निगम पाली में एकल खिड़की व्यवस्था शुरू की गई है।
नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने बताया कि अब जन्म मृत्यु एवं विवाह प्रमाण पत्र से संबंधित नए आवेदन संशोधन तथा शुल्क जमा करने जैसी सभी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से आमजन को प्रमाण पत्र प्राप्त करने में आसानी होगी तथा प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी। एकल खिड़की पर आमजन की सुविधा के लिए आवेदन प्रक्रिया आवश्यक दस्तावेज और शुल्क से संबंधित पूरी जानकारी भी प्रदर्शित की गई है, जिससे जानकारी के अभाव में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
रजिस्ट्रार प्रवीणसिंह राजपुरोहित ने बताया कि एकल खिड़की पर आवेदन के साथ दस्तावेज सही पाए जाने पर रजिस्ट्रार द्वारा ई-साइन करने के बाद प्रमाण पत्र की पीडीएफ आवेदक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से भेज दी जाती है। इससे आवेदक को दोबारा कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं रहती।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार द्वारा पहचान पोर्टल पर जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण में आधार नंबर जोड़ने की नई व्यवस्था शुरू की गई है, जिसके तहत आमजन स्वयं पोर्टल पर अपने प्रमाण पत्र में आधार नंबर अपडेट कर सकते हैं।