नारी चौपाल एवं नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का आयोजन, महिलाओं को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
नारी चौपाल एवं नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का आयोजन
महिलाओं को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही
सोजत। उपखंड प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को नगर पालिका सभागार, सोजत में नारी चौपाल एवं नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का आयोजन उपखंड अधिकारी श्री मासिंगाराम जांगिड़ की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपखंड अधिकारी श्री मासिंगाराम जांगिड़ ने कहा कि नारी चौपाल एवं नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक महिला तक पहुंचाना है। उन्होंने महिलाओं को सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा महिलाओं से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। बाल विकास परियोजना अधिकारी श्री आलोक शर्मा ने महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री सुपोषण न्यूट्रीकिट योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना, उड़ान योजना, पूरक पोषाहार, मुख्यमंत्री अमृत आहार योजना एवं नंद घर योजना की जानकारी दी।
महिला अधिकारिता विभाग की सुपरवाइजर कविता परिहार ने विभाग द्वारा संचालित कालीबाई भील महिला संबल शिक्षा सेतु योजना, निःशुल्क आरएससीआईटी, आरएससीएफए एवं आरएससीएसईपी प्रशिक्षण योजनाएं, मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह अनुदान योजना, सखी वन स्टॉप सेंटर तथा महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
साइबर सुरक्षा विषय पर श्री सुनील कुमार ने महिलाओं को साइबर अपराधों एवं महिला संबंधी अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए हेल्पलाइन 1090, ऑनलाइन खरीदारी में होने वाली धोखाधड़ी, क्रेडिट कार्ड फ्रॉड एवं डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों से बचाव के उपाय बताए। वहीं श्रीमती सीमा ने राजकॉप सिटीजन एप की उपयोगिता बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से महिलाएं विभिन्न सेवाओं एवं सहायता सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने आपातकालीन हेल्पलाइन 112 की भी जानकारी दी।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से श्री राजेंद्र व्यास ने मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, एनीमिया नियंत्रण एवं लाडो प्रोत्साहन योजना के बारे में जानकारी दी। राजीविका से जुड़े श्री निरंजन लाल मीणा ने लखपति दीदी योजना एवं स्वयं सहायता समूहों को उपलब्ध ऋण सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम के अंत में विकास अधिकारी श्री सुरेश कविया ने महिलाओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर श्री हरेंद्र साऊ, महिला पर्यवेक्षक श्रीमती आशा बाराशा एवं सुश्री काजल मीणा सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, साथिन, सहायिकाएं तथा राजीविका से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।