नव वर्ष पर होंगे कई कार्यक्रम
भारतीय नववर्ष गौरव एवं स्वाभिमान का प्रतीक, सूर्यनगरी में होंगे भव्य आयोजन
नववर्ष मेला सांस्कृतिक संध्या व भव्य शोभायात्रा सहित सात दिवसीय कार्यक्रम
जोधपुर/ भारतीय नव संवत्सर विक्रम संवत 2083 के अवसर पर सूर्यनगरी जोधपुर में भारतीय नववर्ष महोत्सव समिति के तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसको लेकर गुरुवार को प्रतापनगर स्थित आदर्श वाटिका में नववर्ष महोत्सव समिति की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में महानगर संघचालक प्रकाश जीरावला, सहकार भारती के प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र दवे, संरक्षक निर्मल गहलोत, समिति अध्यक्ष नरपत सांखला एवं महासचिव वरुण धनाड़िया की अध्यक्षता
समिति अध्यक्ष नरपत सांखला एवं महासचिव वरुण धनाड़िया ने बताया कि भारतीय नववर्ष के उपलक्ष्य में इस बार जोधपुर में सात दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इसके अंतर्गत 17 मार्च को भव्य नववर्ष मेला एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, वहीं 18 मार्च को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
सहकार भारती के प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र दवे ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे जीवन में राष्ट्र सर्वोपरि होना चाहिए। भारतीय संस्कृति विश्व की अत्यंत प्राचीन एवं समृद्ध संस्कृति है और राष्ट्रधर्म का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। हिंदू नववर्ष हमें सकारात्मकता, एकता सेवा और संस्कारों के साथ समाज व राष्ट्र के उत्थान के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर आरएसएस के प्रांत बौद्धिक प्रमुख शंभुसिंह ने सभी से जनभागीदारी के साथ मिलकर नववर्ष के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा का विशेष महत्व है और मान्यता है कि इसी दिन सृष्टि की रचना का प्रारंभ हुआ था।
समिति के संरक्षक निर्मल गहलोत ने बताया कि सात दिवसीय कार्यक्रमों के अंतर्गत विभिन्न सेवा कार्यों के साथ-साथ शहर के विभिन्न स्थानों पर नववर्ष की शुभकामनाएं एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
महासचिव वरुण धनाड़िया ने बताया कि नववर्ष के अवसर पर समाज के सभी लोगों से अपने घरों पर धर्म ध्वजा फहराने, वंदनवार लगाने दीपदान करने तथा मंदिरों में महाआरती आयोजित करने की अपील की जाएगी।
शोभायात्रा संयोजक हेमेंद्र गौड़ ने बताया कि भव्य शोभायात्रा घंटाघर से रवाना होकर जलजोग चौराहा पहुंचेगी जहां दीपदान आतिशबाजी और भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
समिति कोषाध्यक्ष अशोक गहलोत ने बताया कि बैठक में लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा विभाग कार्यवाह मनोहर सिंह प्रांत सचिव विद्या भारती गंगा विष्णु बिश्नोई महानगर कार्यवाह भरत जांगिड़ नववर्ष महोत्सव समिति के पदाधिकारी विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।