700 नए उपभोक्ता अपना रहे सोलर* 

700 नए उपभोक्ता अपना रहे सोलर* 

*रूफ टॉप सौर ऊर्जा में राजस्थान देश में तीसरे स्थान पर* 

 *हर दिन लगभग* 

*700 नए उपभोक्ता अपना रहे सोलर* 

 *1.44 लाख उपभोक्ताओं का बिजली उपभोग बिल हुआ शून्य* 

जयपुर 21 अप्रेल। राज्य में सौर ऊर्जा के प्रति विद्युत उपभोक्ताओं का रूझान तेजी से बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व तथा ऊर्जा मंत्री श्री हीरालाल नागर के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सौर ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहन दे रही है। प्रदेश में अब तक घरेलू, अघरेलू तथा औद्योगिक श्रेणी में कुल 2 लाख 45 हजार 317 रूफ टॉप सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जा चुके हैं। इससे 1 एक 43 हजार 965 उपभोक्ताओं का बिजली उपभोग बिल शून्य हो गया है। छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाकर विद्युत उपभोक्ता ऊर्जा आत्मनिर्भर बन रहे हैं और देश की ऊर्जा सुरक्षा में योगदान दे रहे हैं। 

कुल रूफ टॉप सोलर इंस्टॉलेशन के मामले में राजस्थान देश में तीसरे स्थान पर है। जिसकी कुल क्षमता 2 हजार 090 मेगावाट है। गुजरात 6 हजार 882 मेगावाट क्षमता के साथ प्रथम महाराष्ट्र 5 हजार 442 मेगावाट क्षमता के साथ द्वितीय स्थान पर है। प्रदेश में लगभग 32 हजार उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंनेे 10 किलोवाट या इससे अधिक क्षमता के रूफ टॉप सोलर स्थापित किए हैं।

 *पीएम सूर्यघर में लगे 1.77 लाख संयंत्र* 

पीएम सूर्यघर योजना के अन्तर्गत राज्य में अब तक 686 मेगावाट क्षमता के 1 लाख 77 हजार 468 रूफ टॉप सोलर संयंत्र स्थापित हो चुके हैं। प्रतिदिन औसतन 675 से 700 नए उपभोक्ता सौर ऊर्जा से जुड़ रहे हैं। विगत मार्च माह में कुल 20 हजार 343 रूफ टॉप सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए गए। यह किसी एक माह में स्थापित रूफ टॉप सोलर संयंत्रों की दूसरी सर्वाधिक संख्या है। मार्च माह की 23 तारीख को एक ही दिन में 910 सौर ऊर्जा संयंत्र लगे। यह किसी भी एक दिन में लगे सोलर की सर्वाधिक संख्या है। इससे पहले इसी जनवरी माह में 20 हजार 853 तथा फरवरी माह में 16 हजार 957 रूफ टॉप सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए गए थे। पीएम सूर्यघर योजना में गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और केरल के बाद राजस्थान देश में पांचवें स्थान पर है। 

 *प्रत्येक 6 माह मेें ही दोगुना इंस्टालेशन* 

पीएम सूर्यघर योजना में प्रत्येक छह माह में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने वाले उपभोक्ताओं की संख्या दो से ढ़ाई गुना तक बढ़ रही है। फरवरी 2024 में इस योजना की शुरूआत हुई। इसके प्रथम शुरूआती 6 महीनों में मात्र 7 हजार 694 उपभोक्ताओं ने ही रूफ टॉप सोलर लगाए थे। इसके बाद प्रत्येक 6 माह के अन्तराल में क्रमशः 1945 39311 तथा 68 हजार 450 उपभोक्ताओं ने रूफ टॉप सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए हैं। इस वर्ष के शुरूआती 3 माह में कुल 58,153 उपभोक्ता सौर संयंत्र इंस्टॉल करा चुके हैं। इसे देखते हुए उम्मीद है कि इस साल के प्रथम 6 माह में रूफ टॉप संयंत्र लगाने वाले उपभोक्ताओं की संख्या 1 लाख से अधिक पहुंच जाएगी। 

 *1185 करोड़ की सब्सिडी हस्तांतरित* 

पीएम सूर्यघर योजना में रूफ टॉप संयंत्र लगाने के करीब एक से डेढ़ माह के भीतर ही 78 हजार रूपए तक की सब्सिडी राशि उपभोक्ता के खाते में हस्तांतरित हो जाती है। अब तक 1 लाख 52 हजार 350 उपभोक्ताओं के बैंक खातों में भारत सरकार से 1185 करोड़ रूपए की सब्सिडी राशि हस्तांतरित हो चुकी है। इस प्रकार करीब पीएम सूर्यघर के 85 प्रतिशत लाभार्थियों को सब्सिडी मिल चुकी है।

 150 यूनिट योजना में 13 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को सब्सिडी 

प्रतिमाह 150 यूनिट प्रतिमाह निशुल्क बिजली योजना के अन्तर्गत रूफ टॉप सोलर संयंत्र लगाने पर 13 हजार 141 उपभोक्ताओं को जयपुर, जोधपुर एवं अजमेर विद्युत वितरण निगम द्वारा 17 हजार रूपए की अतिरिक्त सब्सिडी दी जा चुकी है। इस योजना में अब तक 23 हजार 273 उपभोक्ताओं ने सोलर संयंत्र लगा लिए हैं। इस प्रकार 150 यूनिट योजना में करीब 22 करोड़ 33 लाख रूपए की सब्सिडी उपभोक्ताओं को मिल चुकी है। दिसम्बर 2025 से इस योजना में सब्सिडी वितरण की शुरूआत हुई थी। इस प्रकार प्रदेश में रूफ टॉप सोलर लगाने पर उपभोक्ताओं को पीएम सूर्यघर योजना में अधिकतम 78 हजार रूपए तथा 150 यूनिट योजना में 17 हजार रूपए की अतिरिक्त सब्सिडी दी जा रही है।

 *बैंकों से मिल रहा आसान ऋण* 

पीएम सूर्यघर योजना में रूफ टॉप सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए बैंकों से लगभग 5.75 प्रतिशत की आसान ब्याज दर पर ऋण सुविधा भी मिल रही है। भारतीय स्टेट बैंक द्वारा प्रदेश में 62236 बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा 9292 राजस्थान ग्रामीण बैंक द्वारा 8169 कैनरा बैंक द्वारा 1866 तथा अन्य बैंकों द्वारा 16666 विद्युत उपभोक्ताओं को रूफ टॉप लगाने के लिए ऋण सुविधा प्रदान की जा चुकी है। 

 *लगभग 1900 वेंडर्स हैं पोर्टल पर रजिस्टर्ड* 

पीएम सूर्यघर योजना को घर-घर तक पहुंचाने में वेंडर्स भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। प्रदेश में पीएम सूर्यघर नेशनल पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराने वाले वेंडर्स की संख्या बढ़कर 1896 तक पहुंच गई है। योजना की शुरूआत में 762 वेंडर्स ही सेवाएं दे रहे थे। 

 *प्रक्रियाओं को बनाया सुगम* 

जयपुर जोधपुर एवं अजमेर विद्युत वितरण निगमों ने रूफ टॉप इंस्टॉलेशन से जुड़ी प्रक्रियाओं को सुगमता प्रदान की है। इसके अन्तर्गत कार्मिकों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिमाह रूफ टॉप सोलर चैंपियन अवॉर्ड प्रारंभ किया गया। मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी कर इंस्टालेशन की राह में आने वाली बाधाओं को दूर किया गया। आवेदन करते किसी प्रकार के शुल्क, बढ़ी हुई सिक्योरिटी राशि मीटर परीक्षण शुल्क तथा नेट मीटरिंग एग्रीमेंट आदि से उपभोक्ताओं को छूट दी गई। सभी तरह के चार्जेज प्लांट स्थापित होने के बाद बिजली बिल के माध्यम से लेने पीएम सूर्यघर योजना में कनेक्शन के आवेदनों के लिए अलग से प्राथमिकता रखने बैंकों से उपभोक्ताओं को आसानी से ऋण मिल सके इसके लिए लगातार बैंकर्स के साथ संवाद किया गया। विद्युत सब डिविजन स्तर तक लगातार कैम्प आयोजित कर उपभोक्ताओं को जागरूक किया जा रहा है। 

----