सोजत नगर पालिका चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट, शहर में निकला फ्लैग मार्च
सोजत नगर पालिका चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट, शहर में निकला फ्लैग मार्च
वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही
सोजत। नगर पालिका आम चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न कराने के लिए सोजत पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।
गुरुवार को डीएसपी प्रतीक मिल के नेतृत्व में पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की टुकड़ी ने शहर के मुख्य बाजार, बस स्टेंड, धान मंडी, ढाल की गली, सिलावटों का बास, नाईयों की हथाई, नगर पालिका क्षेत्र सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए फ्लैग मार्च किया।

डीएसपी ने बताया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने या भय का माहौल बनाने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने आम मतदाताओं को निर्भय होकर मतदान करने का संदेश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान पुलिस थाने का जाप्ता, आरएसी सहित बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौजूद रहे।