सोजत : भीषण पेयजल एवं बिजली संकट को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
सोजत : भीषण पेयजल एवं बिजली संकट को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही
सोजत। नगरपालिक क्षेत्र सोजत में व्याप्त भीषण पेयजल एवं बिजली संकट को लेकर भाजपा नेता गौतम तंवर के नेतृत्व में जिला कलेक्टर पाली के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में आमजन की मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए पेयजल आपूर्ति एवं विद्युत व्यवस्था में स्थायी समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि सोजत शहर में पिछले लंबे समय से पेयजल संकट गहराता जा रहा है। कई वार्डों में 5 से 8 दिनों तक पानी नहीं पहुंच रहा, जिससे आमजन, महिलाओं एवं बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली कटौती, लो वोल्टेज एवं तकनीकी खामियों के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।

भाजपा नेता गौतम तंवर ने बताया कि उनके स्वयं के वार्ड में लगातार 6 दिनों से पानी नहीं आने के कारण आमजन बेहद परेशान है। इसी गंभीर समस्या के विरोध में वे फिल्टर हाउस तालाब पहुंचे और वहीं स्नान कर प्रशासन एवं जलदाय विभाग के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि जब जनता को पीने तक का पानी समय पर उपलब्ध नहीं हो रहा, तब यह स्थिति प्रशासनिक विफलता को दर्शाती है।
ज्ञापन में विशेष रूप से जवाई बांध से होने वाली जलापूर्ति में बार-बार बाधा, मरम्मत कार्यों के नाम पर हो रही अनियमितताओं तथा पर्याप्त FRT टीमों की कमी का मुद्दा भी उठाया गया। साथ ही बिजली विभाग में कर्मचारियों की कमी एवं लापरवाही के कारण आमजन को हो रही परेशानियों पर भी चिंता व्यक्त की गई।

गौतम तंवर ने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने मांग की कि जलदाय विभाग एवं विद्युत विभाग की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
इस दौरान राजेन्द्र वैष्णव, प्रशांत टांक, विकास गहलोत, धीरज नागौरा, बालकिशन, अजय परिहार, सुनील गहलोत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।