लेखक धर्मपाल गाँधी ने कलेक्टर व एसपी को भेंट की ‘इन्कलाब’ पुस्तक, राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह का दिया निमंत्रण
लेखक धर्मपाल गाँधी ने कलेक्टर व एसपी को भेंट की ‘इन्कलाब’ पुस्तक, राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह का दिया निमंत्रण
वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही

झुंझुनूं। राष्ट्रीय साहित्यिक, सांस्कृतिक व सामाजिक संस्थान आदर्श समाज समिति इंडिया के तत्वावधान में आयोजित होने वाले गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को कार्यक्रम प्रभारी, शिक्षाविद् एवं समाजसेवी मनजीत सिंह तंवर तथा आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष एवं लेखक धर्मपाल गाँधी ने जिला कलेक्टर अरुण कुमार गर्ग और पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर से भेंट की। उन्होंने अधिकारियों को श्री बजरंग लाल गाँधी स्मृति दिवस के अवसर पर 1 सितंबर 2026 को रानी बाग होटल, सूरजगढ़ में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पधारने का निमंत्रण दिया।
इस अवसर पर स्वतंत्रता आंदोलन पर शोध कर रहे लेखक धर्मपाल गाँधी द्वारा रचित पुस्तक ‘इन्कलाब’ दोनों अधिकारियों को भेंट की गई। ‘इन्कलाब’ स्वतंत्रता आंदोलन और देश की आजादी के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले क्रांतिकारियों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की शौर्यगाथाओं पर आधारित प्रभावशाली पुस्तक है। पुस्तक में देश की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने वाले वीरों के त्याग, साहस और बलिदान को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। इसके अलावा जिला उपभोक्ता मंच के अध्यक्ष मनोज मील को भी ‘इन्कलाब’ पुस्तक भेंटकर राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह में पधारने का निमंत्रण दिया गया। कार्यक्रम से जुड़े पदाधिकारियों ने कई अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से भी मुलाकात कर उन्हें समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया।

कार्यक्रम प्रभारी मनजीत सिंह तंवर ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री बजरंग लाल गाँधी स्मृति दिवस पर गाँधी जीवन दर्शन पर आधारित भव्य राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जायेगा। समारोह में विभिन्न राज्यों से कवि, लेखक, कलाकार, विद्वान, साहित्यकार, पर्यावरण प्रेमी, खिलाड़ी, शिक्षाविद्, कानूनविद् एवं समाजसेवी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि समारोह में प्रदान किये जाने वाले गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 के लिए चयन समिति द्वारा प्रतिभागियों की चार सूचियां जारी की जा चुकी हैं। चयन प्रक्रिया अभी जारी है तथा अंतिम सूची जल्द ही जारी की जायेगी। राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपीं जा रही है।