बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा में सोजत के 95 श्रद्धालुओं की रही सहभागिता 

बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा में सोजत के 95 श्रद्धालुओं की रही सहभागिता 

बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा में सोजत के 95 श्रद्धालुओं की रही सहभागिता 

उद्घाटन पर सोजत की बस रही पहली, सुंगल टनल से भी पहला वाहन सोजत यात्रियों का गुजरा; शनिवार को होगा स्वागत

वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही 

सोजत। बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा-2026 सोजत के श्रद्धालुओं के लिए कई यादगार पलों की साक्षी बनी। इस वर्ष सोजत से 95 श्रद्धालुओं का जत्था यात्रा में शामिल हुआ। बड़ी संख्या में सहभागिता के साथ सोजत के यात्रियों ने यात्रा के दौरान दो विशेष उपलब्धियां भी अपने नाम कीं। यात्रा के उद्घाटन अवसर पर रवाना हुई पहली बस सोजत के श्रद्धालुओं की रही, वहीं जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नवनिर्मित सुंगल टनल से यात्रा के उद्घाटन के बाद गुजरने वाला पहला वाहन भी सोजत के यात्रियों का रहा।

विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के सहयोग से आयोजित इस यात्रा में सोजत सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के उद्घाटन अवसर पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने विभिन्न जत्थों को रवाना किया।

यात्रा प्रमुख मानवेन्द्र भाटी, विहिप सोजत जिला मंत्री मांगीलाल गहलोत एवं बजरंग दल प्रांत संयोजक विक्रम परिहार ने बताया कि 95 श्रद्धालुओं का जत्था सोजत के लिए गौरव का विषय रहा। उन्होंने कहा कि बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा आस्था के साथ राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति की भावना को भी मजबूत करती है।

जम्मू से पुंछ तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

यात्रा में शामिल रामेश्वर मेवाड़ा एवं सुनील जांगिड़ ने बताया कि जम्मू से पुंछ तक यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। विभिन्न स्थानों पर सेना के जवान तैनात रहे। करीब 50 बसों के काफिले की सुरक्षा के लिए भी एस्कॉर्ट वाहनों की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं ने स्वयं को सुरक्षित महसूस किया।

मार्ग में जगह-जगह लंगर

यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भामाशाहों एवं सामाजिक संगठनों की ओर से लंगर लगाए गए। यहां श्रद्धालुओं को भोजन, चाय, पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं। यात्रियों ने सेवा में जुटे स्वयंसेवकों और भामाशाहों का आभार जताया।

बाबा बूढ़ा अमरनाथ सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन

यात्रा कार्यक्रम के अनुसार 15 अगस्त को सोजत से जत्था रवाना हुआ। 16 अगस्त को जम्मू पहुंचने के बाद आरएस पुरा क्षेत्र में भारत-पाकिस्तान सीमा का अवलोकन किया गया। 17 अगस्त को जत्था पुंछ के लिए रवाना हुआ। 18 अगस्त को बाबा बूढ़ा अमरनाथ धाम के दर्शन किए गए। 19 अगस्त को शिवखोड़ी तथा 20 अगस्त को माता वैष्णो देवी के दर्शन किए गए।

धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ पहाड़ी क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, सुरक्षा व्यवस्था और मार्ग में मिले सेवा भाव ने श्रद्धालुओं की यात्रा को यादगार बना दिया।

21 अगस्त को जम्मू से ट्रेन से रवाना हुआ जत्था

यात्रा कार्यक्रम पूर्ण होने के बाद 21 अगस्त सुबह 8:40 बजे श्रद्धालु जम्मू रेलवे स्टेशन से ट्रेन द्वारा सोजत के लिए रवाना हुए। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 अगस्त सुबह करीब 9:30 बजे जोधपुर पहुंचने के बाद बसों से लगभग 11 बजे चांद पोलगेट सोजत पहुंचेंगे। यहां श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाएगा एवं यात्रा बस स्टैंड स्थित वीर बालाजी मंदिर पहुंचकर यात्रा का समापन होगा।

कार्यकर्ताओं का रहा सहयोग

यात्रा की व्यवस्थाओं में प्रांत मिलन प्रमुख गजेंद्र सांखला ने जम्मू स्थित केंद्रीय कार्यालय में जिम्मेदारी संभाली। इसके अलावा जिला सत्संग प्रमुख रतन बंजारा, जिला मातृशक्ति संयोजिका संगीता तंवर, जिला विधि प्रकोष्ठ की शीला शर्मा, जिला विशेष संपर्क प्रमुख लक्ष्मीकांत भाटी, प्रांत विधि प्रकोष्ठ सह प्रमुख नीलम सोनी एवं प्रखंड संयोजक कमलेश पंवार सहित अनेक कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा। यात्रा में सांडिया के संत अर्जुन दास महाराज का सान्निध्य भी श्रद्धालुओं को मिला।

अगले वर्ष और अधिक श्रद्धालुओं को जोड़ने का संकल्प

विहिप एवं बजरंग दल सोजत की ओर से यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं, भामाशाहों और सहयोगियों का आभार जताया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि आगामी वर्षों में सोजत से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं को बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

यात्रा में धनाराम परिहार, एडवोकेट रमेश टांक, खेत सिंह राजपुरोहित, अर्जुन, फाऊलाल परिहार, मदनलाल जांगिड़, धनपत राज जांगिड़, किशनलाल परिहार, कन्हैयालाल जांगिड़, कैलाश बोराणा, श्याम टांक, श्याम तंवर, संदीप परिहार, कन्हैयालाल गहलोत, रमेश सांखला, राजा रामपालरिया, सजन देवी सोनी, मंजू ओस्तवाल, संतोष परिहार, शोभा सांखला, इंदिरा पालरिया, इंदिरा गहलोत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे