जोधपुर में स्वीप कार्यक्रम*

जोधपुर में स्वीप कार्यक्रम*
जोधपुर - स्वीप कार्यक्रम*

*विद्यालय-महाविद्यालयों में स्वीप गतिविधियों से दिया मतदाता जागरूकता का संदेश*

*राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पावटा में प्रश्नोत्तरी, मतदाता शपथ एवं संकल्प पत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को किया जागरूक*

*मतदाता जागरूकता के साथ सघन वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश*

जोधपुर, 21 अगस्त। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के दृष्टिगत जिले में मतदाता जागरूकता एवं लोकतांत्रिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वीप गतिविधियों के तहत शुक्रवार को विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विभिन्न मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पावटा में स्वीप टीम द्वारा विद्यार्थियों को मतदान के महत्व एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करने के लिए विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया।

*प्रश्नोत्तरी के माध्यम से दी निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी*
कार्यक्रम के दौरान मतदाता जागरूकता से संबंधित प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, मतदाता के अधिकार एवं दायित्व तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय सहभागिता के संबंध में जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्नोत्तरी में भाग लेते हुए निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतदाता जागरूकता से जुड़े विषयों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर विद्यार्थियों को अपने परिवार एवं आसपास के पात्र मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश भी दिया गया।

*मतदाता शपथ दिलाई, भरवाए संकल्प पत्र*
स्वीप गतिविधि के तहत उपस्थित विद्यार्थियों एवं सहभागियों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई तथा संकल्प पत्र भरवाए गए। इसके माध्यम से स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर अपने मताधिकार के प्रयोग तथा अन्य मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम में लोकतंत्र में प्रत्येक मत की महत्ता को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को बताया गया कि जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला हैं।

*मतदाता जागरूकता के साथ सघन वृक्षारोपण*
कार्यक्रम के दौरान मतदाता जागरूकता गतिविधियों के साथ सघन वृक्षारोपण भी किया गया। पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं लोकतांत्रिक सहभागिता के संदेश को एक साथ आगे बढ़ाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी निभाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में स्वीप प्रभारी अधिकारी श्री घनश्याम सिंह राठौड़, श्री इंद्र विक्रम सिंह चौहान, प्रधानाचार्य श्री प्रकाश भाटी, एसबीओ शहर श्री चंद्रशेखर दवे, प्रधानाचार्य श्रीमती दीपिका भाटी तथा श्री विजय सिंह राठौड़ सहित लायंस क्लब के सदस्यों की सहभागिता रही।
––00––