जोधपुर से ISIS लिंक का किया खुलासा
जोधपुर से ISIS लिंक का किया खुलासा।
नई सड़क से 19 वर्षीय युवक *जीशान गिरफ्तार आंध्रप्रदेश पुलिस ले जाएगी ट्रांजिट रिमांड पर
जोधपुर। शहर के नई सड़क क्षेत्र से आंध्रप्रदेश पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से एक 19 वर्षीय युवक जीशान को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर आई एस आई एस की कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़े एक सोशल मीडिया नेटवर्क का हिस्सा था।
सदर बाजार थाना अधिकारी माणक राम ने बताया कि आंध्रप्रदेश पुलिस की टीम मंगलवार रात जोधपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर नई सड़क इलाके से आरोपी को पकड़ लिया। जांच में सामने आया कि जीशान एक ऑनलाइन ग्रुप का एडमिन था जिसमें वीडियो और वॉयस नोट्स के जरिए कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा में पहले पकड़े गए कुछ संदिग्ध युवकों से पूछताछ के दौरान जीशान का नाम सामने आया था। इसके बाद उसकी लोकेशन ट्रेस कर जोधपुर में कार्रवाई की गई।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी BENX नाम के एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़ा हुआ था और वहीं से ग्रुप संचालित कर रहा था। बताया जा रहा है कि उसे ग्रुप का एडमिन बनाने से पहले उसकी “परीक्षा” भी ली गई थी।
हालांकि गिरफ्तारी से पहले आरोपी ने अपने मोबाइल से कई आपत्तिजनक और देश विरोधी कंटेंट डिलीट कर दिए थे, लेकिन पुलिस ने डेटा रिकवर कर लिया है। अब मोबाइल की फोरेंसिक जांच की जा रही है, जिससे और बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी पिछले करीब दो साल से इस गतिविधि में शामिल था और अन्य युवकों को भी जोड़ने का प्रयास कर रहा था। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि इस ग्रुप में अन्य देशों के लोग भी जुड़े हो सकते हैं।आरोपी को जोधपुर कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर आंध्रप्रदेश ले जाया जाएगा जहां उससे आगे पूछताछ की जाएगी।