ईंधन बचत का संदेश जिला कलक्टर सहित अधिकारी बस से पहुंचे रात्रि चौपाल में
*रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
*ईंधन बचत का संदेश: जिला कलक्टर सहित अधिकारी बस से पहुंचे रात्रि चौपाल में*
जोधपुर जून। ग्राम पंचायत बागोरिया, पंचायत समिति भोपालगढ़ में गुरुवार रात्रि आयोजित जनसंवाद एवं रात्रि चौपाल कार्यक्रम में जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट आलोक रंजन ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव एवं स्थानीय आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त प्रकरणों पर जिला कलक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा समस्याओं के प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान पर विशेष जोर दिया।
जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप प्रशासन गांवों तक पहुंचकर आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रात्रि चौपाल में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए तथा आमजन को त्वरित राहत उपलब्ध करवाई जाए।
*पेयजल बिजली एवं सड़कों से जुड़ी समस्याओं पर हुई चर्चा*
रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति ग्रामीण सड़कों की मरम्मत, ढाणियों तक विद्युत सुविधा विस्तार तथा विभिन्न आधारभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं जिला कलक्टर के समक्ष रखीं। इस पर जिला कलक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से प्रकरणवार जानकारी प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
*कृषि विद्युत कनेक्शन एवं ऊर्जा विभाग से जुड़े मामलों की समीक्षा*
ग्रामीणों द्वारा कृषि विद्युत कनेक्शन से संबंधित समस्याएं भी जिला कलक्टर के समक्ष रखी गईं। इस पर उन्होंने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को लंबित कृषि विद्युत कनेक्शन प्रकरणों की समीक्षा कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ऊर्जा विभाग से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, जर्जर एवं क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों की समयबद्ध मरम्मत करने तथा लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति कृषि एवं आमजन दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
*आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर*
जिला कलक्टर ने ग्राम सड़क मरम्मत सीवर लाइन स्वच्छता व्यवस्था तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े प्रकरणों पर भी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए समयबद्ध क्रियान्वयन किया जाए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
*ईंधन बचत एवं संसाधनों के बेहतर उपयोग की पहल*
जिला कलक्टर रंजन के निर्देशन में ईंधन बचत एवं संसाधनों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा रात्रि चौपाल कार्यक्रम में सहभागिता हेतु जिला स्तरीय अधिकारियों के लिए बस व्यवस्था की गई। जिला कलक्टर स्वयं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा, प्रशिक्षु आईएएस उमेश कुमार मीणा सहित जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बस द्वारा ग्राम पंचायत बागोरिया पहुंचे। इस पहल के माध्यम से प्रशासन ने ईंधन संरक्षण, संसाधनों के समुचित उपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया। साथ ही अधिकारियों के सामूहिक भ्रमण से विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं टीम भावना को भी प्रोत्साहन मिला।
*मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित*
कार्यक्रम के दौरान जिला कलक्टर आलोक रंजन ने क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं तथा रुचियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर त्रिभुवन सिंह भाटी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा, समाज कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल व्यास, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक संजय कृष्ण व्यास सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में राजस्व, पशुपालन, ऊर्जा, महिला एवं बाल विकास, आयुर्वेद, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, चिकित्सा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, पंचायती राज, आयोजना, कृषि, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
––00––