कलेक्ट्रेट के पास लगी आग
कलेक्ट्रेट के पास लगी आग जालोर /कलेक्ट्रेट के सामने स्थित एक खाली प्लॉट में गुरुवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के व्यापारियों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नागरिक सुरक्षा और नगर परिषद की दो दमकलें मौके पर पहुंचीं। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
कलेक्ट्रेट के सामने रघुरतन होटल के पास मौजूद खाली प्लॉट में काफी कचरा और सूखी झाड़ियों की बाड़ लगी हुई थी। शाम करीब 4 बजे अज्ञात कारणों से सूखी झाड़ियों में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग पूरे प्लॉट में फैल गई। आग की लपटों के बीच अचानक धमाके जैसी आवाजें सुनाई दीं जिससे आसपास के दुकानदार और निवासी डर गए। हालांकि कुछ ही देर में दमकलकर्मियों ने स्थिति पर काबू पा लिया जिससे वहीं प्लॉट के कारण घटना का वीडियो बनाने और आग देखने वालों की भीड़ जमा हो गई। जाम की स्थिति को देखते हुए यातायात पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और ट्रैफिक सुचारु करवाया। आग से किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ।