कारगिल विजय के शौर्य को किया नमन, देशभक्ति गीतों ने बांधा समां*
नई तकनीक एवं आधुनिक उपकरणों से नेत्रहीन विद्यार्थियों को मिला आत्मनिर्भरता का संबल*
*कारगिल विजय के शौर्य को किया नमन, देशभक्ति गीतों ने बांधा समां*
जोधपुर, 25 जुलाई। राजकीय अंध विद्यालय एवं उद्भव फाउंडेशन, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को राजकीय अंध विद्यालय में नवीन तकनीकों एवं आधुनिक सहायक उपकरणों के प्रदर्शन तथा कारगिल युद्ध की वीरगाथाओं पर आधारित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नेत्रहीन विद्यार्थियों को अत्याधुनिक तकनीकी उपकरणों की जानकारी प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. शिवप्रकाश सिंह राठौड़ ने आधुनिक तकनीकी उपकरणों का अवलोकन कर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीक दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन आधुनिक उपकरणों के माध्यम से नेत्रहीन विद्यार्थी अपने जीवन में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे तथा आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्भव फाउंडेशन, जयपुर के अध्यक्ष श्री चेतन शर्मा ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न आधुनिक 'टॉकिंग' उपकरणों एवं नवीन तकनीकों की विस्तृत जानकारी देते हुए उनके उपयोग एवं उपयोगिता से अवगत कराया। साथ ही विद्यार्थियों को इन उपकरणों के प्रभावी उपयोग के लिए विशेष प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रकाशचंद खींची ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीकी उपकरणों का समुचित उपयोग उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से नई तकनीकों को अपनाकर शिक्षा एवं जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कारगिल विजय के अमर शहीदों के अदम्य साहस एवं बलिदान को स्मरण करते हुए विशेष आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों नारायण दास, देवाराम, गोविंद एवं अन्य विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थितजनों को भावविभोर कर दिया तथा देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत वातावरण का निर्माण किया।
कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षक श्री हापूराम चौधरी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, कार्मिक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।