जिला कलक्टर  रंजन ने ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का किया निरीक्षण*

जिला कलक्टर  रंजन ने ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का किया निरीक्षण*

जिला कलक्टर  रंजन ने ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का किया निरीक्षण*

 जनसमस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर दिया जोर*-                       बालेसर नगर पालिका के शहरी सेवा शिविर का भी किया अवलोकन,

जोधपुर, 8 जुलाई। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बुधवार को ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत शेरगढ़ क्षेत्र की पंचायत समिति सेखाला की ग्राम पंचायत खीरजा तिब्बना में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित गतिविधियों, जनसमस्याओं के निस्तारण एवं विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभागीय स्टॉलों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभाग की समस्त योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़कर मौके पर ही लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

*जनहित से जुड़े प्रकरणों का तत्काल निस्तारण करने के दिए निर्देश*
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने विभिन्न विभागों से प्राप्त आवेदनों एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र व्यक्तियों को पेंशन, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ निर्धारित समय सीमा में उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए।

*दिव्यांग महिला की पेंशन सत्यापन प्रक्रिया मौके पर कराई प्रारंभ*
शिविर के दौरान दिव्यांग लाभार्थी मैना कंवर के पेंशन सत्यापन का प्रकरण सामने आने पर जिला कलक्टर ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस पर मैना कंवर को आधार कार्ड अद्यतन कराने के लिए आधार केंद्र भेजा गया तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक  अनिल व्यास को पेंशन सत्यापन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई, ताकि पात्र लाभार्थी को समय पर योजना का लाभ मिल सके।

*विद्यालय भूमि के राजस्व अभिलेख शुद्धिकरण का प्रकरण मौके पर स्वीकृत*
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की भूमि के राजस्व अभिलेखों के शुद्धिकरण संबंधी प्रकरण पर भी कार्रवाई करते हुए उपखंड अधिकारी शेरगढ़ श्री विक्रांत शर्मा ने इसे मौके पर ही स्वीकार कर आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

*बालेसर नगर पालिका के शहरी सेवा शिविर का भी किया अवलोकन*
जिला कलक्टर ने बालेसर नगर पालिका में आयोजित शहरी सेवा शिविर का भी निरीक्षण किया तथा आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने पेयजल, सफाई, पट्टा, अतिक्रमण, स्ट्रीट लाइट, सड़क तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रकरणों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को उनके निवास के समीप ही विभिन्न सरकारी सेवाएं एवं राहत उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को पट्टा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं आवास जैसी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराया जाए। साथ ही नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति एवं अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर उपखंड अधिकारी  विक्रांत शर्मा, तहसीलदार  दिनेश चंद्र, विकास अधिकारी  चंचल राज शर्मा, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं नगरवासी उपस्थित रहे।