शिक्षकों ने रोटेशन से ड्यूटी लगाने की उठाई मांग
वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा में डबल ड्यूटी का विरोध, शिक्षकों ने रोटेशन से ड्यूटी लगाने की उठाई मांग
पाली, 8 जुलाई। राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ ने वरिष्ठ अध्यापक भर्ती प्रतियोगी परीक्षा-2025 के दौरान शिक्षकों की दोहरी ड्यूटी लगाए जाने का विरोध करते हुए बुधवार को प्रदेश उपाध्यक्ष राधेश्याम सोनी के नेतृत्व में अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा को जिला कलक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि 12 से 17 जुलाई तक आयोजित होने वाली वरिष्ठ अध्यापक भर्ती प्रतियोगी परीक्षा में शिक्षकों की ड्यूटी प्रतिदिन केवल एक ही पारी में लगाई जाए। संघ के जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि वर्तमान व्यवस्था के अनुसार शिक्षकों को दोनों पारियों में लगातार करीब 12 घंटे तक परीक्षा ड्यूटी करनी पड़ती है। इसके अलावा दोपहर के भोजन के लिए मात्र 15 मिनट का समय मिलने से शिक्षकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि महिला शिक्षकों के लिए यह व्यवस्था और अधिक चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि उन्हें पारिवारिक दायित्वों के साथ परीक्षा ड्यूटी का निर्वहन भी करना पड़ता है। ऐसे में शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक पारी के लिए अलग-अलग वीक्षकों की ड्यूटी रोटेशन प्रणाली के आधार पर लगाई जानी चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला मंत्री रतनलाल बारूपाल, उपाध्यक्ष पंकज शर्मा, अम्बुज पचौरी, ब्लॉक अध्यक्ष यजुवेंद्र खेमलानी, नरेंद्र सिंह, सुखदेव चारण, धनराज डाबी, नरेंद्र सिंह केतु, बंशीलाल, संजय ओझा, भरत रामावत, अश्विनी जोशी, नरपत सिंह राजपुरोहित, देवीलाल मालवीय, दिलदार बागवान, प्रतिभा पाण्डे, किरण बाला जांगिड़, प्रतिभा नवल, भागवन्ती बालोत, नीलम सोलंकी एवं प्रतिमा सिन्हा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।