आईएफडब्ल्यूजे की बैठक में रानी उपखंड कार्यकारिणी की हुई घोषणा 

आईएफडब्ल्यूजे की बैठक में रानी उपखंड कार्यकारिणी की हुई घोषणा 
आईएफडब्ल्यूजे की बैठक में रानी उपखंड कार्यकारिणी की हुई घोषणा 

संगठन को मजबूत बनाकर पत्रकारों के हितों की रक्षा करें : जिला अध्यक्ष जोशी

आईएफडब्ल्यूजे की बैठक में रानी उपखंड कार्यकारिणी की हुई घोषणा 

रानी । आईएफडब्ल्यूजे (इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स पत्रकार संगठन की बैठक रानी में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, पत्रकार हितों की सुरक्षा, निष्पक्ष एवं खोजी पत्रकारिता को बढ़ावा देने तथा पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय और भाईचारे को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अरुण जोशी ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता है। उन्होंने कहा कि "जो संगठन के साथ है, संगठन भी हमेशा उसके साथ खड़ा रहेगा।" उन्होंने रानी क्षेत्र के शहरी एवं ग्रामीण अंचलों में कार्यरत पत्रकारों से आमजन की आवाज बनकर निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है, इसलिए पत्रकारों को जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना चाहिए तथा संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। बैठक के दौरान रानी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हिम्मत मालवीय, डॉ. सी.एम. रावल तथा नगराज पंवार का उनकी उत्कृष्ट पत्रकारिता सेवाओं एवं लंबे समय से समाज के प्रति समर्पित योगदान के लिए नागरिक अभिनंदन किया गया। सम्मान के पश्चात वरिष्ठ पत्रकारों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पूर्व समय में पत्रकारिता अनेक चुनौतियों और सीमित संसाधनों के बीच की जाती थी, फिर भी पत्रकारों ने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने वर्तमान पीढ़ी के पत्रकारों से सत्य, निष्पक्षता और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ पत्रकारिता करने का आग्रह किया। वरिष्ठ पत्रकारों ने कहा कि सभी पत्रकार अलग-अलग संस्थानों और माध्यमों से जुड़े हो सकते हैं, लेकिन पत्रकारों के बीच आपसी सम्मान, सहयोग, समन्वय और भाईचारा सदैव बना रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही पत्रकारों की सबसे बड़ी सुरक्षा है। इस अवसर पर दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय वीरेंद्र गुप्ता एवं स्वर्गीय रंजीत रावल के पत्रकारिता क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान को याद किया गया। उपस्थित पत्रकारों ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प भी व्यक्त किया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष सुनील त्रिवेदी एवं जिला सचिव अरविंद गोयल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने निष्पक्ष एवं खोजी पत्रकारिता को समय की आवश्यकता बताते हुए पत्रकारों से पत्रकारिता से जुड़े कानूनों, नियमों एवं अधिकारों की जानकारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तथ्यपरक और प्रमाण आधारित समाचार ही पत्रकारिता की विश्वसनीयता को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विद्यालय के प्रतिनिधियों ने भी पत्रकारों को संबोधित किया। उन्होंने मीडिया क्षेत्र में बढ़ते मानसिक दबाव, तनाव और व्यस्त जीवनशैली पर चर्चा करते हुए राजयोग ध्यान के माध्यम से मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच एवं तनावमुक्त जीवन जीने के प्रभावी उपाय बताए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मन और सकारात्मक सोच ही बेहतर पत्रकारिता का आधार है। बैठक के अंत में प्रदेशाध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देशों पर जिला अध्यक्ष अरुण जोशी द्वारा रानी उपखंड की नवीन कार्यकारिणी की घोषणा की गई। नवनियुक्त पदाधिकारियों का उपस्थित पत्रकारों ने स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने का संकल्प लिया। बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने संगठन की एकजुटता, पत्रकारों के सम्मान, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का संकल्प दोहराया। अंत में सभी का आभार व्यक्त किया गया।  इस मौके पर रानी ब्लाक अध्यक्ष हितेश गुप्ता, वरीष्ठ पत्रकार हिम्मत मालवीय,डॉ. सी एम रावल,नगराज पवार, जिला सचिव अरविंद गोयल, जिला कार्यकारिणी सदस्य दिव्येश कुमार जोशी, अशोकसिंह राजपुरोहित, हिमांशु पलोड, अजय जैन, हितेश सोनी, नगराज वैष्णव,  भरत जीनगर, नाथूसिंह आदि मौजूद रहे।