विश्व ओलंपिक दिवस पर पाली में होंगे विविध सामाजिक एवं खेल आयोजन
विश्व ओलंपिक दिवस पर पाली में होंगे विविध सामाजिक एवं खेल आयोजन
पाली, 22 जून। विश्व ओलंपिक दिवस के अवसर पर जिला ओलंपिक संघ, पाली के तत्वावधान में सोमवार को खेल, समाजसेवा एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
जिला ओलंपिक संघ के सचिव राजेश पाटनेचा ने बताया कि ओलंपिक दिवस के उपलक्ष्य में प्रातःकाल पक्षियों के संरक्षण एवं जल संवर्धन के उद्देश्य से शहर के विभिन्न स्थानों पर पक्षियों के लिए पानी के परिंडे लगाए जाएंगे। इसके पश्चात हिन्दू सेवा मंडल परिसर में निवासरत कुष्ठ रोगियों को फल एवं बिस्कुट वितरित कर सेवा कार्य किया जाएगा। साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश देने के लिए वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि विश्व ओलंपिक दिवस के समापन अवसर पर सायं 4:30 बजे रोटरी भवन सभागार में जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महिपाल सिंह निम्बाड़ा की अध्यक्षता में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
समारोह में जिले की विभिन्न खेल संघों से जुड़े उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों (कोच), सचिवों एवं खेल पदाधिकारियों का अतिथियों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा सम्मान किया जाएगा। इस अवसर पर खेलों के माध्यम से स्वस्थ, अनुशासित एवं जागरूक समाज के निर्माण का संदेश भी दिया जाएगा।
जिला ओलंपिक संघ ने सभी खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल संघों के पदाधिकारियों एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर विश्व ओलंपिक दिवस को उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाने का आग्रह किया है