ज्येष्ठ की तपती दोपहरी में वानर सेवा का अनोखा उदाहरण बनी टीम बिजनेस मित्र
ज्येष्ठ की तपती दोपहरी में वानर सेवा का अनोखा उदाहरण बनी टीम बिजनेस मित्र
वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही
सोजत सिटी। जहां एक ओर भीषण गर्मी से आमजन परेशान हैं, वहीं मूक जीवों के लिए भी यह समय कठिन बना हुआ है। ऐसे में टीम बिजनेस मित्र ने रविवार को वायड भैरुजी मंदिर, बोरी मादामगरा क्षेत्र में पहुंचकर वानर सेना (बंदरों) के लिए केले और बिस्किट की व्यवस्था कर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया।
टीम के संस्थापक महेन्द्र सिंह राव ने बताया कि बरसात और पर्यटन सीजन में यहां आने वाले पर्यटक बंदरों को खाने-पीने की सामग्री दे देते हैं, लेकिन ज्येष्ठ माह की तेज गर्मी में यहां लोगों की आवाजाही कम हो जाती है, जिससे बंदरों के सामने भोजन का संकट खड़ा हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए टीम ने संडे सेवा के तहत यह पहल की।

सेवा कार्य के दौरान टीम सदस्यों ने बंदरों को प्रेमपूर्वक भोजन कराया और आसपास के लोगों को भी मूक प्राणियों के प्रति संवेदनशील रहने का संदेश दिया। खास बात यह रही कि सेवा के बाद टीम ने स्वच्छता का भी पूरा ध्यान रखा। बंदरों को दिए गए बिस्किट के रैपर व अन्य कचरे को वहां नहीं छोड़ा गया, बल्कि सभी कचरे को एकत्रित कर अलग कूड़ेदान में डाला गया ताकि प्राकृतिक वातावरण स्वच्छ बना रहे।
टीम बिजनेस मित्र ने कहा कि सेवा के साथ स्वच्छता भी उतनी ही जरूरी है और समाज को दोनों के प्रति जागरूक होना चाहिए। इस अवसर पर जिगर बंजारा, हिमांशु जांगिड़, खुशवीर साँखला, दीपक लखावत, पुष्पेन्द्र, योगेश सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।