पाली में दो भामाशाह परिवारों की सराहनीय पहल:
पाली में दो भामाशाह परिवारों की सराहनीय पहल: मोक्षधामों में भेंट किए वाटर कूलर, नए हॉल निर्माण के लिए ₹51 हजार की घोषणा
पाली, 6 जून। शहर में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए समाजसेवा की भावना से प्रेरित होकर दवे एवं भेरवानी परिवार ने शनिवार को रामदेव रोड मोक्षधाम एवं सर्वोदय नगर मोक्षधाम में एक-एक वाटर कूलर भेंट किया। इस जनहितकारी पहल से मोक्षधाम में आने वाले लोगों को शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी और गर्मी के मौसम में राहत मिलेगी।
वाटर कूलरों के लोकार्पण अवसर पर जोधपुर जीएसटी कमिश्नर विशाल दवे, उनकी माताजी चंद्रकांता दवे तथा भेरवानी परिवार की ओर से दिलीप भेरवानी, योगेश भेरवानी, विशाल भेरवानी एवं यश भेरवानी उपस्थित रहे। सभी ने इस सेवा कार्य को समाजहित में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम में समाजसेवी कमल गोयल, केवलचंद कवाड़, सिंधी समाज के राजेश पशवानी, उपसभापति ललित प्रितमानी, जय थावानी, मनोज ओझा, अशोक भागवानी, राधाकिशन शिवनानी, नथुमल गंगवानी, गुरुचरण हेड़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भीषण गर्मी के दौर में मोक्षधाम जैसे सार्वजनिक स्थलों पर शीतल जल की व्यवस्था करना पुण्य एवं जनसेवा का श्रेष्ठ कार्य है। उन्होंने दवे एवं भेरवानी परिवार की इस संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में आने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान रामदेव रोड मोक्षधाम स्थित सिंधी समाज द्वारा निर्मित हॉल का भी उल्लेख किया गया, जो अतिवृष्टि के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था। इसे पुनः विकसित करने एवं अधिक सुविधायुक्त नया हॉल बनाने का निर्णय सिंधी समाज समिति एवं भेरवानी परिवार द्वारा लिया गया। इस कार्य के लिए भेरवानी परिवार की ओर से ₹51 हजार की सहयोग राशि देने की घोषणा भी की गई।
सामाजिक संगठनों एवं उपस्थित नागरिकों ने दोनों भामाशाह परिवारों को साधुवाद देते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में परोपकार, सहयोग और जनकल्याण की भावना को मजबूत करते हैं। मोक्षधामों में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने और नए हॉल निर्माण में सहयोग की यह पहल निश्चित रूप से अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।