पुलिस थाने मे वकील पुलिस विवाद विडियों वायरल
पुलिस थाने मे वकील पुलिस विवाद विडियों वायरल जोधपुर के कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड थाने में वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में थाने में मौजूद थानाधिकारी और वकीलों के बीच तीखी नोकझोंक धक्का-मुक्की व शांतिभंग में बंद करने की धमकी दे रहे हैं। घटना के बाद वकील संगठनों ने पुलिस कमिश्नर से दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। एक मामले मे सादी वर्दी मे पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर विवाद हुआ. इस पर वकीलों ने एतराज उठाया, पुलिस द्वारा धमकी के बाद विवाद गहरा गया. इसको लेकर वकील सोमवार देर रात को ही कुड़ी थाने के बाहर धरना देकर बैठ गए जो मंगलवार सुबह तक जारी रहा।एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रणजीत जोशी ने बताया कि यहां धरने पर बैठे सभी वकीलों की मांग है कि वकीलों से दुर्व्यवहार करने वाले थानाधिकारी को तत्काल सस्पेंड करने के साथ अन्य दोषी पुलिसकर्मियों पर भी कार्यवाही होनी चाहिए। ऐसा नहीं होने पर इस आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
एडीसीपी (पश्चिम) रोशन मीणा वकीलों से समझाइश का प्रयास करते रहे लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। इसमें एकबारगी तो एसएचओ को सस्पेंड करने की मांग पर पुलिस प्रशासन राजी भी हो गया। कुड़ी के घटनाक्रम और इसके बाद देर रात थाने के बाहर वकीलों के प्रदर्शन के बीच पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश की ओर से एक जानकारी साझा की गई।
इसमें बताया गया कि एक दिसंबर को थाना कुड़ी भगतासनी में वकीलों एवं स्थानीय पुलिसकर्मियों के बीच हुए घटनाक्रम के संबंध में किसी भी अधिवक्तागण को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार नहीं किया गया है। घटना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, एडीसीपी (पश्चिम) रोशन मीणा से जांच करवाई जा रही है। जांच रिपोर्ट मिलने के आधार पर विधिसम्मत कार्यवाही की जाएगी। सूत्रों के अनुसार वकील भरतसिंह राठौड़ और उनके साथ एक महिला एडवोकेट सोमवार को कुड़ी भगतासनी थाने पहुंचे थे। वे एक दुष्कर्म प्रकरण में पीड़िता की ओर से पुलिस से मिलकर आरोपी की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे। आरोप है कि थाने में एक पुलिसकर्मी बिना वर्दी के समझाइश और बयान ले रहा था जिस पर वकीलों ने आपत्ति जताई और यूनिफॉर्म में ड्यूटी करने की बात कही। वकील एसोसीएशन ने प्रदर्शन करने व दोषी पुलिस कार्मिकों पर कार्रवाई की मांग कर रहा है नहीं तो आंदोलन तेज किया जाएगा.