विशेष चिकित्सा कैम्पों का निरीक्षण

विशेष  चिकित्सा कैम्पों का निरीक्षण

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत विशेष कैम्पों का निरीक्षण

पाली 8 मई / टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विकास मारवाल के निर्देशन में जिलेभर में संचालित 100 दिवसीय विशेष अभियान के तहत गुरुवार को टीबी यूनिट सोजत एवं सुमेरपुर में आयोजित विशेष स्वास्थ्य कैम्पों का निरीक्षण एसटीडीसी अजमेर के अधीक्षक डॉ इंद्रजीत सिंह द्वारा किया गया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. इंद्रजीत सिंह ने अभियान के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों का गहन अवलोकन करते हुए स्क्रीनिंग जांच उपचार एवं टीबी मरीजों की नियमित मॉनिटरिंग से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कैम्पों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं दवा वितरण जांच प्रक्रिया तथा मरीजों के फॉलोअप कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए।उन्होंने विशेष रूप से हाई रिस्क क्षेत्रों में चलाए जा रहे सक्रिय टीबी खोज अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया।

डॉ. इंद्रजीत सिंह ने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी को समय पर पहचान एवं नियमित उपचार के माध्यम से पूर्णतः समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि लगातार खांसी बुखार वजन कम होना अथवा कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र पर जांच करवाएं तथा उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।उन्होंने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए प्रत्येक संभावित मरीज तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि देश को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को सफल बनाया जा सके।इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।