ट्रेलर ट्रेक्टर दुर्घटना में महिला की मौत पांच घायल
ट्रेलर ट्रेक्टर दुर्घटना में महिला की मौत पांच घायल पाली / जिले के चंडावल गांव के पास नेशनल हाईवे 162 पर एक ट्रेलर और दो ट्रैक्टरों के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।
चंडावल थाना अधिकारी अमराराम मीणा ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 7 बजे हुई। गुजरात से नागौर के पादू कलां जा रहे दो ट्रैक्टर आगे पीछे चल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रॉले ने एक ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद यह ट्रैक्टर आगे चल रहे दूसरे ट्रैक्टर से जा भिड़ा।हादसे में टक्कर लगने वाले ट्रैक्टर की ट्रॉली पलट गई और उस पर सवार लोग नीचे गिर गए। ट्रॉले के टायर के नीचे आने से आमली पत्नी शियाराम जाति बावरी, निवासी पादू खुर्द की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही 5जन घायल हो गए।घायलों में महेंद्र, पप्पूराम, मंगेज, धर्माराम और चैनाराम शामिल हैं, जो सभी पादू कलां और पादू खुर्द के निवासी हैं। उन्हें चंडावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर चंडावल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रॉले को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने राजमार्ग पर यातायात सुचारु करवाया ।