जयपुर स्थापना दिवस पर उमंग का माहौल

जयपुर स्थापना दिवस पर उमंग का माहौल

जयपुर स्थापना दिवस पर उमंग का माहौल

प्रवासियों में जयपुर का जलवा, 18 नवंबर को गुलाबी नगरी का 300वें वर्ष में प्रवेश

विशेष संवाददाता

The Bhaswar Tmes News

जयपुर। देश-विदेश के विभिन्न शहरों में रहने वाले जयपुर मूल के प्रवासियों में उत्साह, उमंग और उल्लास का माहौल है। 18 नवंबर को जयपुर अपने गौरवशाली इतिहास के 300वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। जयपुर प्रवासी संघ की जानकारी के अनुसार मुंबई - दिल्ली सहित लंदन, न्यूयॉर्क, सिडनी, मेलबर्न आदि दुनिया भर के 46 देशों में बसे जयपुरवासी परंपरागत तरीके से गुलाबी नगरी का 299 वां स्थापना दिवस मना रहे है।

जयपुर स्थापना दिवस पर प्रवासी संघ के संरक्षक कृष्ण कुमार राठी एवं अध्यक्ष सुनील सिंघी ने सभी प्रवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। जेपीएस की अनीता महेश्वरी ने बताया कि मुंबई में भी जयपुर प्रवासियों में उत्साह का माहौल है। जयपुर शिरोमणि अवॉर्ड से सम्मानित निरंजन परिहार ने कहा है कि जयपुर केवल एक शहर नहीं, बल्कि अपनी समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत, स्थापत्य कला, परंपराओं और आत्मीयता के लिए विश्व भर में विशिष्ट पहचान रखने वाली सांस्कृतिक नगरी है। गुलाबी नगरी के स्थापना दिवस पर प्रवासियों के दिलों में जयपुर का जलवा दिख रहा है। परिहार ने कहा कि जयपुर के करीब 1 लाख लोग दुनिया भर में बसे हैं, लेकिन गुलाबी नगरी की संस्कृति, संस्कार और सान्निध्य हमारी पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं। संघ के अग्रणी कुसुम काबरा, अनिल हीरावत, मधु राठी, अनिल अग्रवाल, राजकुमार बैद, गिरीश अग्रवाल, दीपेंद्र बैराठी, मनीष शाह, धरमचंद कोठारी, विजय सेठ, अनिल कर्णावत, मनीष लेखी, नरेंद्र हीरावत, विनोद दुग्गड़ आदि पदाधिकारियों ने जयपुर के 300वें वर्ष में प्रवेश को ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर बताते हुए स्थापना दिवस धूमधाम से मनाने की अपील की है।  

जयपुर प्रवासी संघ के संरक्षक राठी एवं अध्यक्ष सिंघी ने  दुनिया भर में बसे जयपुर के प्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि गुलाबी नगरी अपनी सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक वैभव को अक्षुण्ण रखते हुए विश्व पर्यटन मानचित्र पर अपनी चमक बिखेर रही है। ऐसे में, रोजगार, व्यवसाय और बेहतर भविष्य की तलाश में देश-दुनिया के विभिन्न शहरों में बसे प्रवासी भले ही अपनी जन्मभूमि से दूर हों, लेकिन उनके दिलों में जयपुर हमेशा धड़कता है।