सवारियों से भरा जुगाड़ पलटा एक की मौत 13 घायल

Jugaad,full,of,passengers,overturns,one,dead,13,injured

सवारियों से भरा जुगाड़ पलटा एक की मौत 13 घायल
घायल लोगो को उपजिला अस्पताल लेकर आई ऐंबुलेंस

सवारियों से भरा जुगाड़ पलटा एक की मौत  13 घायल 


बांदीकुई/दौसा। बांदीकुई के पंडितपुरा गांव के पास शनिवार शाम सवारियों से भरा जुगाड़ पलट गया। जिसमें एक व्यक्ति की मौत और करीब 13 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपजिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। गंभीर घायल 4 लोगों को जयपुर रेफर किया। जानकारी के अनुसार कोटवालों के बास गांव से एक सवामणी बिगोता माता के यहां गई थी। सवामणि में शामिल होने के लिए लोग जुगाड़ वाहन से गए थे।
दोपहर में कार्यक्रम में भाग लेने के बाद करीब 25 लोगों से भरा जुगाड़ वापस कोटवालों के बास जा रहा था। तभी पंडितपुरा गांव में घुमाव पर जुगाड़ पलट गया। इस हादसे में जुगाड़ में सवार सुरेश मीणा (45) निवासी कोटवालों का बास की मौत हो गई। घायलों में रिंकू मीणा (30), नारायण मीणा (80), कैलाश मीणा (50), मीठालाल मीणा (60), सांवलराम मीणा (75), दिव्यांशु (7), दीपेंद्र (15), कालूराम (50), राजेश (35), मनीष (30), प्रहलाद मीणा (55), नाथूलाल (50), सुरेश (35) और रिंकू (25) शामिल थे।

जुगाड़ में सवार लोगों ने बताया कि घुमाव पर वाहन तेज गति से निकल रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने पर वह पलट गया। मामले की सूचना पर विधायक भागचंद टांकड़ा ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश देकर मौके पर चार एम्बुलेंस भिजवाईं। विधायक ने डॉक्टरों से सभी घायलों के बारे में जानकारी ली। घटना के बाद अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंची बांदीकुई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के जलधारी ने बिगोता में माता के यहां सवामणी का कार्यक्रम रखा था। इसमें गांव के अधिकांश लोग पहुंचे थे। डॉक्टरों ने गंभीर हालत में कैलाश, नारायण, मिठन लाल और सांवल लाल को जयपुर रेफर कर दिया है।