8 साल से फरार 25 हजारी इनामी उदयपुर से डिटेन
*कोटा जेल से पैरोल पर 8 साल से फरार 25 हजारी इनामी उदयपुर से डिटेन* कोटा 28 फरवरी। कोटा शहर पुलिस ने आठ साल से कानून की आंखों में धूल झोंक रहे एक शातिर और इनामी अपराधी को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने उदयपुर में दबिश देकर ₹25 हजार के इनामी अपराधी लखन उर्फ लक्ष्मीनारायण को डिटेन किया है। यह अपराधी वर्ष 2018 में कोटा जेल से पैरोल पर बाहर निकलने के बाद फरार हो गया था।
*सांगानेर के गैंगरेप मामले में काट रहा था उम्रकैद*
एसपी गौतम ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी लखन निवासी मंदसौर मध्य प्रदेश जयपुर के सांगानेर थाने में दर्ज एक गैंगरेप के मामले में मुख्य आरोपी था। वर्ष 2013 में माननीय न्यायालय ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। सजा काटने के दौरान 25 अगस्त 2018 को उसे उच्च न्यायालय के आदेश पर 20 दिन की नियमित पैरोल पर रिहा किया गया था, लेकिन उसे 13 सितंबर 2018 को वापस जेल दाखिल होना था, जिससे पहले ही वह फरार हो गया।
*गैस डिलीवरी बॉय बन पकड़ा*
फरार होने के बाद लखन ने अपने पैतृक गांव और रिश्तेदारों से नाता तोड़ लिया था। वह लगातार ठिकाने बदल रहा था ताकि पुलिस की राडार से बाहर रहे। हाल ही में वह उदयपुर के एक गेस्ट हाउस में नाम बदलकर काम कर रहा था। टीम के सदस्यों ने अपराधी की टोह लेने के लिए गेस्ट हाउस में किराएदार और गैस सिलेंडर डिलीवरी बॉय बनकर रेकी की।
जिला विशेष शाखा के कांस्टेबल तंवर सिंह की तकनीकी कुशलता और मुखबिर तंत्र से मिली सटीक सूचना ने इस शातिर अपराधी के छिपने के स्थान का पर्दाफाश किया। इस सफल ऑपरेशन में जिला विशेष शाखा से एएसआई विशाल अवस्थी, कांस्टेबल तंवर सिंह व महेंद्र सिंह एवं थाना अनंतपुरा से कांस्टेबल बुद्धिप्रकाश कोतवाली से कांस्टेबल दुलीचन्द और थाना कुन्हाड़ी से कांस्टेबल सुरेन्द्र कुमार शामिल थे।
------------