जीएसटी जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन

जीएसटी जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन

जीएसटी जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन, जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी’

पाली, 25 मार्च। केन्द्रीय माल और सेवा कर तथा केन्द्रीय उत्पाद शुल्क, संभाग कार्यालय पाली द्वारा बुधवार को ट्रेड एसोसिएशन भवन, मंडिया रोड, प्रात जीएसटी आउटरीच प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत व्यापारियों एवं अन्य संबंधित हितधारकों के साथ एक व्यापक जीएसटी जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक आयुक्त हनवंत सिंह पूनिया, केन्द्रीय माल और सेवा कर तथा केन्द्रीय उत्पाद शुल्क, संभाग कार्यालय पाली ने की।

सहायक आयुक्त पूनिया ने कार्यक्रम में कहा कि जीएसटी के प्रभावी क्रियान्वयन, करदाताओं की सुविधा तथा विभाग और व्यापार समुदाय के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जीएसटी रजिस्ट्रेशन के लाभ, पंजीकृत करदाताओं के दायित्व तथा लघु उद्योगों के लिए प्रक्रियाओं के सरलीकरण के संबंध में विस्तृत एवं सारगर्भित जानकारी प्रदान की। साथ ही ट्रेड प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर उनकी शंकाओं का समाधान किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य व्यापार से जुड़े विभिन्न मुद्दों और शंकाओं का समाधान करना, सुधार संबंधी सुझावों का आदान-प्रदान करना तथा विभागीय प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और सहयोग को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।

इस अवसर पर अध्यक्ष, टैक्स बार एसोसिएशन महेंद्र दवे, उपाध्यक्ष आईसीएआई पाली शाखा कौस्तुभ देवड़ा, संयुक्त सचिव पाली टैक्स बार एसोसिएशन अमित जैन, राजेंद्र पी. मेहता तथा सुरेंद्र परख सहित विभिन्न ट्रेड संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं ट्रेड संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा जीएसटी जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह जागरूकता रथ पाली शहर के मुख्य मार्गों और प्रमुख स्थानों से होकर गुजरते हुए बैनर एवं पोस्टर के माध्यम से व्यापारियों तथा आमजन को जीएसटी 2.0 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी प्रदान की। संवाद सत्र के दौरान व्यापारियों और पेशेवरों द्वारा उठाई गई विभिन्न जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का समाधान विभाग की ओर से अधीक्षक जितेंद्र अवस्थी, गोपाल लाल मीणा एवं पियूष कुमार द्वारा विस्तारपूर्वक किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं अन्य हितधारक उपस्थित रहे, जिससे यह संवाद कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी एवं सफल रहा। अंत में विभाग द्वारा सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।