बजट ने राजस्थान को निराश किया
जोधपुर की उपेक्षा पर गहलोत का हमला बोले- बजट ने राजस्थान को निराश किया
जोधपुर। अशोक गहलोत ने अपने जोधपुर दौरे के दौरान एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि हालिया बजट में जोधपुर और पूरे मारवाड़ क्षेत्र की उपेक्षा की गई है। गहलोत ने कहा कि जैसलमेर बाड़मेर फलोदी जालौर सिरोही और पाली जैसे अकाल व सूखा प्रभावित जिलों के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने राजीव गांधी लिफ्ट योजना के थर्ड फेज के लिए करीब 1400 करोड़ रुपये खर्च कर काम शुरू कराया था, लेकिन वर्तमान सरकार ने उसे धीमा कर दिया है। जोधपुर जिले में पेयजल परियोजनाओं की अनदेखी की जा रही है। 80 करोड़ रुपये का स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट और सुमेर पब्लिक लाइब्रेरी भवन तैयार होने के बावजूद बंद पड़े हैं। डीगाड़ी प्रतापनगर चैनपुरा और मगरा पूंजला में अस्पताल भवन बनने के बाद भी डॉक्टर और उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए।
रिफाइनरी परियोजना को लेकर भी गहलोत ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उद्घाटन की तारीखें बार-बार बदली जा रही हैं। अगस्त में उद्घाटन की घोषणा के बावजूद कार्यक्रम नहीं हुआ। आखिर देरी का कारण क्या है यह सरकार को स्पष्ट करना चाहिए।
पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि चुनाव समय पर कराना संवैधानिक अनिवार्यता है। सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट पहले भी समयबद्ध चुनाव कराने के निर्देश दे चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि चुनाव होने पर कांग्रेस को सफलता मिलेगी।
भुगतान लंबित होने का आरोप लगाते हुए गहलोत ने कहा कि बुजुर्ग पेंशन छात्रवृत्ति स्कूटी योजना सहित कई योजनाओं के भुगतान अटके हुए हैं। पीएचईडी इरिगेशन और पीडब्ल्यूडी विभागों में विकास कार्य ठप हैं। ठेकेदारों ने काम बंद कर दिए हैं, जबकि सरकार राजस्व बढ़ने का दावा कर रही है।
सांप्रदायिक हिंसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि सरकारों का एजेंडा ऐसा होगा तो हिंसा होना स्वाभाविक है।
फ्रीबीज और चुनाव से पहले नकद वितरण पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी का उल्लेख करते हुए गहलोत ने कहा कि चुनाव के दौरान धन बांटना लोकतंत्र के लिए घातक है। उन्होंने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टी.एन. शेषन का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने सख्ती दिखाते हुए तमिलनाडु में मतदान स्थगित कर दिया था।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर गहलोत ने कहा कि यह वैश्विक क्रांति है और राजस्थान को इसमें पीछे नहीं रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं किसानों, उद्योग और शिक्षा जगत से एआई को अपनाने का आह्वान किया। इस मौके पर शहर जिला अध्यक्ष ओंकार वर्मा जोधपुर देहात जिला अध्यक्ष गीता बरवड़ पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह सोलंकी पूर्व महापौर जोधपुर नगर निगम उतर कुंती देवड़ा पूर्व विधायक मनीषा पवार पूर्व विधायक महेंद्र बिश्नोई पूर्व विधायक किशना राम बिश्नोई रणवीर सिंह कच्छवाह करण सिंह उचियारड़ा पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़ सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने स्वागत किया ।