चिकित्सालय विकास हेतु 1.50 लाख रुपये का चेक सौंपा

चिकित्सालय विकास हेतु 1.50 लाख रुपये का चेक सौंपा

चिकित्सालय विकास हेतु 1.50 लाख रुपये का चेक सौंपा ऑपरेशन थिएटर को मिलेगा आधुनिक स्वरूप

बेड़ा/सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेड़ा के ऑपरेशन कक्ष के विकास एवं आवश्यक सुविधाओं के विस्तार हेतु श्रीमती हंजाबाई गौशाला बेड़ा के तत्त्वावधान में भामाशाह श्रीमती शकुंतला बेन पत्नी हस्तीमल कारसिया द्वारा एक लाख पचास हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। यह चेक चिकित्सा अधिकारी प्रभारी एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमेर सिंह राव को सौंपा गया।

प्राप्त राशि का उपयोग ऑपरेशन थिएटर में कार्य आने वाले आधुनिक चिकित्सा उपकरणों एवं मशीनों की खरीद में किया जाएगा। इससे ऑपरेशन संबंधी सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा और मरीजों को बेहतर, सुरक्षित एवं आधुनिक उपचार सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने बताया कि नई तकनीक एवं मशीनों की सुविधा मिलने से अब ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्र के मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा तथा उन्हें बड़े शहरों की ओर रेफर करने की आवश्यकता भी कम होगी।

उल्लेखनीय है कि इस सहयोग को साकार करने में नरेश जोशी का प्रेरक योगदान रहा जिनके प्रयासों से भामाशाहों को चिकित्सालय विकास के लिए आगे आने की प्रेरणा मिली।

पूर्व में भी भामाशाह हस्तीमल जैन का बेड़ा चिकित्सालय के विकास में निरंतर योगदान रहा है। उनके सहयोग से चिकित्सालय परिसर में हरित क्रांति के तहत पेड़-पौधे लगाने कंटीली बाड़बंदी सहित अन्य विकास कार्य संपन्न किए गए हैं।

इस अवसर पर डॉ. योगेश कुमावत डॉ. मनीष शर्मा नरेश जोशी शांताबाई परिहार समाजसेवी देवी सिंह गिरीश व्यास एवं प्रकाश गर्ग सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में डॉ. सुमेर सिंह ने कहा कि बिना पर्याप्त संसाधनों के किसी भी चिकित्सक अथवा कर्मचारी के लिए ऑपरेशन संबंधी कार्य करना संभव नहीं होता। उन्होंने सरकार से आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग पूर्व में भी कई बार किए जाने की जानकारी दी तथा भामाशाहों का तहेदिल से आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने बताया कि अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार हेतु 50 बेड स्वीकृति का प्रस्ताव भी उच्च स्तर पर भेजा गया है जिससे भविष्य में क्षेत्रवासियों को और अधिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।