लोकसभा चुनाव-2024 सी-विजिल एप बना शिकायतों के समाधान का बेहतरीन माध्यम

लोकसभा चुनाव-2024
सी-विजिल एप बना शिकायतों के समाधान का बेहतरीन माध्यम
अपने मत की कीमत पहचाने ,मतदान अवश्य करे
पाली, 9 अप्रैल/ लोकसभा आम चुनाव- 2024 में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर कड़ी निगरानी रखने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बनाया गया सी-विजिल एप शिकायतों के समाधान का बेहतरीन माध्यम बनता जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एलएन मंत्री ने बताया कि अब तक जिले में सी-विजिल एप पर 44 शिकायतें दर्ज की गई हैं। इनमें से 23 शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण किया गया तथा 21 शिकायतों को ड्रॉप की गई।
*क्या है सी-विजिल एप की कार्यप्रणाली*
सी-विजिल किसी भी व्यक्ति को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट करने की अनुमति देता है। आमजन इस एप का इस्तेमाल करके कदाचार की घटना की जानकारी दे सकते हैं। एप के माध्यम से 100 मिनट की समय सीमा में संबंधित अधिकारी द्वारा समस्या का निस्तारण किया जाएगा। इसकी खास बात यह है कि शिकायत कर्ता की पहचान गोपनीय रखे जाने का भी विकल्प है। एन्ड्रॉयड आधारित सी-विजिल एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। आमजन इस एप का इस्तेमाल करके कदाचार की घटना की जानकारी भेज सकते हैं।
*कहां संचालित हो रहा सी-विजिल एप का नियंत्रण कक्ष*
निर्वाचन आयोग द्वारा पाली संसदीय क्षेत्र के लिए 26 अप्रैल को मतदान होगा। इसके लिए पाली में ही 16 अप्रैल से यह नियंत्रण कक्ष संचालित किया जा रहा है। पाली में भी कलेक्टरेट परिसर में प्रथम तल में कमरा नंबर 126 में सी-विजिल एप के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह 24 घंटे संचालित किया जा रहा है। यह नियंत्रण कक्ष तीन पारियों में संचालित हो रहा है। पहली पारी सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक, द्वितीय पारी दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक तथा तृतीय पारी रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक संचालित हो रहा है। तीन पारियों में चलने वाले इस नियंत्रण कक्ष में कुल 15 कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है।