बच्चों को अच्छी तालीम दिलाएं किसी भी समाज की तरक़्की में तालीम का अहम रोल होता है : कर्नल सलीम काठात
बच्चों को अच्छी तालीम दिलाएं किसी भी समाज की तरक़्की में तालीम का अहम रोल होता है : कर्नल सलीम काठात
पड़ोसियों के अधिकार देशव्यापी मुहिम का भव्य समापन समारोह आयोजित
रिपोर्ट मुमताज अली
ब्यावर। जमाअते इस्लामी हिन्द द्वारा 21 नवम्बर से 30 नवम्बर तक " आदर्श पड़ोस - आदर्श समाज" के स्लोगन के साथ पड़ोसियों के अधिकार विषय पर चलाई जा रही देशव्यापी मुहिम के तहत आज इकरा पब्लिक सेकेंडरी स्कूल ब्यावर में एक समापन समारोह का आयोजन गौरव सेनानी विकास समिति ब्यावर के अध्यक्ष एवं भारतीय सेना से सेवानिवृत कर्नल सलीम काठात के मुख्य आतिथ्य में किया गया।

कार्यक्रम की शुरूआत जमाअते इस्लामी हिन्द, ब्यावर के अध्यक्ष शमसुद्दीन काठात ने तजकीर बिल कुरआन से की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल सलीम काठात ने इल्म की अहमियत पर बोलते हुए कहा कि अपने बच्चों को अच्छी तालीम दिलाएं किसी भी समाज की तरक़्की में तालीम का अहम रोल होता है। मुसलमानों को दीनी और दुनियावी दोनों इल्म को साथ लेकर चलने की आवश्यकता है ताकि वे दुनिया और आखिरत, दोनों जहाँन में कामयाब हो सकें। उन्होंने कहा कि जमाअत ए इस्लामी हिंद देश में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने छात्र और छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित करके उच्च शिक्षा हासिल कर, अधिकारी बनकर देश की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को राजस्थान चीता मेहरात काठात महासभा के कोषाध्यक्ष सरदारा काठात ने भी संबोधित करते हुए कहा कि अच्छे पड़ोस से अच्छा समाज बनता है और अच्छे पड़ोस से मिलकर अच्छे समाज का निर्माण होता है जो एक अच्छे राष्ट्र की नींव बनता है। उन्होंने कहा कि इस्लाम अपने सभी पड़ोसियों के साथ बिना धर्म, जाति, बिरादरी और भाषा के भेदभाव के अच्छा व्यवहार करने की शिक्षा देता है। अपने पड़ोसियों के साथ अच्छा व्यवहार करके देश में नफरत के माहौल को बदला जा सकता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जमाअत ए इस्लामी हिंद जिला ब्यावर, अजमेर व राजसमंद के सह संयोजक, मुमताज़ अली ने कहा कि इस देशव्यापी मुहिम के जरिए पूरे देश में लाखों लोगों तक पड़ोसियों के अधिकार और उनके साथ अच्छे व्यवहार का पैगाम पहुंचाया गया। इस मौके पर जिला ब्यावर, अजमेर व राजसमन्द के इलाके में भी व्यक्तिगत व सामूहिक मुलाकातों, फोल्डर्स ,किताबचों के वितरण, जुम्मों में तकरीरों, स्कूल लेक्चर्स, निबन्ध प्रतियोगिता, नुक्कड़ सभाओं, टीचर्स कार्यक्रम, महिला कार्यक्रम, छात्र - छात्रों के कार्यक्रम, युवा लड़को व लड़कियों व बच्चों के साथ कार्यक्रम, विभिन्न धर्मों के धर्म गुरुओं और बुद्धि जीवियों के साथ परिचर्चा, प्रेस कॉन्फ्रेंस,वृद्धाश्रम, चिकित्सालय तथा ज़िला कारागृह, ब्यावर में फल वितरण कार्यक्रम, प्रिंट, इलेक्ट्रानिक व सोशल मीडिया, फेसबुक, वाट्सएप के द्वारा मुहिम के संदेश को लाखों लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की गई, और आगे भी इस काम को जारी रखा जायेगा। मुहिम के दौरान कांति मासिक, जिंदगी ए नौ मैगजीन के विशेषांक तथा दावत साप्ताहिक भी लोगों को भेंट की गई।

मुमताज अली ने इस मुहिम के दौरान जमाअते इस्लामी हिन्द, ज़िला अजमेर ब्यावर व राजसमन्द के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, उलमा-ए - दीन, बुद्धिजीवियों, स्कूलों के प्रधानाध्यापकों व प्रधानाचार्य, मीडिया बंधुओं आदि का इस मुहिम में सहयोग देने पर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुहिम के दौरान आयोजित निबंध प्रतियोगिता में सेकेंडरी ग्रुप में अब्बास,सिमरन और अफसरा तथा सीनियर सेकेंडरी ग्रुप में आमिना कड़ीवाल,अदा कुरैशी और निर्जरा बानो को क्रमशः प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान पर आने पर इनाम के तौर पर शिल्ड, कापी व पेन दिए गए। कार्यक्रम का संचालन इकरा पब्लिक स्कूल ब्यावर के डायरेक्टर महबूब खान ने किया।