महापौर बनी नमिता बुबकिया, 33 मत प्राप्त कर हासिल की जीत
महापौर बनी नमिता बुबकिया, 33 मत प्राप्त कर हासिल की जीत
कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुआ महापौर चुनाव, राजबाला हिंगड़ को 29 और सुमित्रा जैन को मिले 3 मत
पाली, 21 सितम्बर। नगर निगम आम चुनाव 2026 के तहत सोमवार को महापौर पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा एवं पुख्ता शांति व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से करवाई गई। मतगणना के बाद नमिता बुबकिया को महापौर पद के लिए निर्वाचित घोषित किया गया।
रिटर्निंग अधिकारी नगर निगम शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि महापौर पद के लिए सोमवार को निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदान करवाया गया। मतदान के बाद मतों की गणना की गई, जिसमें नमिता बुबकिया को 33 मत, राजबाला हिंगड़ को 29 मत तथा सुमित्रा जैन को 3 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार नमिता बुबकिया ने सर्वाधिक मत प्राप्त कर महापौर पद पर जीत दर्ज की।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निगम कार्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों ने आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाया।
उपमहापौर चुनाव की तैयारियां तेज
महापौर चुनाव संपन्न होने के साथ ही अब उपमहापौर पद के निर्वाचन को लेकर भी निर्वाचन विभाग की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी पाली विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि सोमवार तक उपमहापौर पद के लिए कुल 6 नाम निर्देशन पत्र वितरित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इनमें मेहबूब एवं रशीदा बानो को दो-दो तथा कान्तिलाल एवं जोगेन्द्र सिंह को एक-एक नाम निर्देशन पत्र वितरित किया गया है। उपमहापौर पद के लिए नाम निर्देशन, संवीक्षा, नाम वापसी एवं मतदान सहित निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
अधिकारियों ने संभाली व्यवस्थाएं
महापौर एवं आगामी उपमहापौर निर्वाचन को लेकर निर्वाचन विभाग की ओर से निगम कार्यालय में विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों की जिम्मेदारियां तय कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर विशेषाधिकारी निर्वाचन पाली चौधरी बिरजू गोपाल, उप पंजीयक प्रथम शिवजीराम बावरी, तहसीलदार सुनील कुमार, तहसीलदार निर्वाचन नेहा चौधरी, सुरेश कुमार व्यास, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, अभिषेक चतुर्वेदी, गजेन्द्र दवे, तुलसीराम चौहान, ताराचंद सेजू, युजवेन्द्र खेमलानी, रामलाल मानपुरा सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।