रिटायर्ड फौजी के बैग से चोरों ने 50 हजार रुपये चुराए

रिटायर्ड फौजी के बैग से चोरों ने 50 हजार रुपये चुराए

रिटायर्ड फौजी के बैग से चोरों ने 50 हजार रुपये चुराए

रिपोर्ट वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही 

सोजत। शहर के राजपोल गेट स्थित एसबीआई बैंक के बाहर एक रिटायर्ड फौजी के बैग से चोर 50 हजार रुपए की चोरी कर ले गया। 75 वर्षीय प्रेमसिंह पुत्र मंगलसिंह राजपूत (निवासी झुपेलाव) बैंक से अपनी पेंशन के 50 हजार रुपए निकालने के बाद पास की मेडिकल दुकान पर दवा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान चोर ने उनकी थैली में चीरा लगाकर नकदी पार कर ली।

सीसीटीवी फुटेज में लड़का और लड़की पीछा करते दिखे

घटना की सूचना मिलते ही सोजत सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक लड़का और एक लड़की रिटायर्ड फौजी का पीछा करते हुए दिखाई दिए। दोनों मेडिकल दुकान पर भी पहुंचे, जहां मौका मिलते ही लड़के ने फौजी की थैली से नकदी निकाल ली।

थैली में दवा रखने लगे तो वारदात का पता चला

पीड़ित प्रेमसिंह ने बताया कि उन्हें चोरी का पता तब चला जब वे दवा लेकर थैली में रखने लगे और उसमें कट देखा। उनके साथ मौजूद गांव के जवरीलाल भाटी ने जानकारी दी कि वे बाइक लेने बाहर गए थे, और इसी दौरान ठगों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सूचना मिलते ही आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।