तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना*
तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना*
*– हरियालो राजस्थान अभियान के तहत किया वृक्षारोपण*
*– प्रतिभावान विद्यार्थियों का किया गया सम्मान*
जोधपुर, 12 अगस्त। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डोली (धवा) में विकास कार्यों का लोकार्पण, प्रतिभा सम्मान समारोह, हरियालो राजस्थान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम बुधवार को विद्यालय प्रांगण में संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पटेल ने कहा कि हमारे यशस्वी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा गुरु पूर्णिमा के अवसर पर हमारी सरकार ने कक्षा 1 से 8 में अध्यनरत 40 लाख से अधिक पात्र विद्यार्थियों को निःशुल्क यूनिफॉर्म के लिए 250 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई है। उन्होंने कहा अटल ज्ञान केंद्र से बच्चों को डिजिटल शिक्षा और पढ़ने का बेहतर वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा हमारी सरकार ने बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए काली बाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी एवं देवनारायण स्कूटी योजना के अन्तर्गत 45 हजार 596 स्कूटियों एवं 13 लाख 85 हज़ार साइकिलों का वितरण किया गया है।
*26 जिलों में किसानों को दिन में मिल रही बिजली–*
पटेल ने कहा हमारी सरकार कृषि एवं किसान कल्याण के लिए अनवरत काम कर रही हैं। उन्होंने कहा किसानों के लिए किसान सम्मान निधि के तहत 9 हजार रुपये दिए जा रहे है, जिसमें केन्द्र के 6 हजार रुपये के साथ राज्य सरकार 3 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता दे रही है। उन्होंने कहा प्रदेश के 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करवा जा रही है।
*भामाशाहों ने विद्यालय विकास के लिए दिए 21.51 लाख रुपये–*
कार्यक्रम विद्यालय में टीनशेड और अन्य विकास कार्यों के लिए भामाशाहों द्वारा 21.51 लाख रुपये की घोषणा की। जीवाराम जांगिड द्वारा 11 लाख रुपये, पंचायत समिति सदस्य श्री अमराराम पटेल द्वारा 5 लाख रुपये, श्री रणछोड़राम द्वारा 2 लाख, श्री भंवराराम पटेल द्वारा 1.51 लाख, श्री पुरखाराम पटेल और पुरखाराम द्वारा 1-1 लाख रुपये की घोषणा की गई। इस अवसर पर विधि मंत्री ने भामाशाहों का सम्मान करते हुए कहा हमें मिलकर डोली के सरकारी विद्यालय को राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ विद्यालय बनाना है।
*सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में झलकी राजस्थानी लोक कला की अनुपम छटा–*
कार्यक्रम में विज्ञान मेला, खेलकूद प्रतियोगिता, कला उत्सव एवं करियर डे में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों और विद्यालय के शिक्षकों को सम्मानित किया गया और कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को बैग का वितरण किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा तेरहताली, घूमर, कालबेलिया, चरी और भवाई नृत्य की शानदार प्रस्तुतियाँ दी गई।
*इन कार्यों का हुआ लोकार्पण–*- राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय डोली कक्षा- कक्ष (10.5 लाख- अटल ज्ञान केन्द्र (8 लाख)
इस मौके पर जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।